गोपालगंज: जनता बाजार की जर्जर सड़क पर बढ़े हादसे, जलजमाव के कारण दो दिनों में पलटे तीन वाहन

गोपालगंज के जनता बाजार की मुख्य सड़क बारिश के कारण बदहाल हो गई है. जलजमाव और गहरे गड्ढों ने इसे राहगीरों के लिए जानलेवा बना दिया है. पिछले दो दिनों में कई वाहन पलट चुके हैं और लोग चोटिल हुए हैं. इस स्थिति से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले में बारिश की शुरुआत होते ही पंचदेवरी प्रखंड के जनता बाजार की मुख्य सड़क बदहाल होकर राहगीरों के लिए जानलेवा बन गयी है. पूरे बाजार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है. जगह-जगह हुए भारी जलजमाव और बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों के कारण अब आम लोगों का पैदल चलना तो दूर, बाइक और तिपहिया वाहनों का गुजरना भी पूरी तरह से जोखिम भरा हो गया है.

गड्ढों से हो रहे हादसे

स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में जलजमाव के कारण तीन तिपहिया वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट चुके हैं. वहीं, एक दर्जन से अधिक बाइक सवार गहरे गड्ढों का अंदाजा नहीं मिलने से सड़क पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं. सड़क पर लबालब भरे पानी के कारण चालकों को छिपे हुए गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर रोजाना हादसों का शिकार हो रहे हैं.

व्यवसाय पर पड़ा बुरा असर

बारिश के बाद बाजार की स्थिति इतनी नारकीय हो गयी है कि आसपास के गांवों के लोग अब आवश्यक खरीदारी के लिए भी यहां आने से कतराने लगे हैं. मुख्य मार्ग के तालाब में तब्दील हो जाने का सीधा असर स्थानीय दुकानदारों के रोजमर्रा के कारोबार पर पड़ रहा है. दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की संख्या लगातार घटने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

ग्रामीणों में बढ़ा भारी आक्रोश

सड़क की इस जर्जर स्थिति और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर जनता बाजार के आस-पास के दर्जनों गांवों के लोगों में व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से बाजार की इस मुख्य सड़क की मरम्मत कराने तथा जल निकासी के लिए नाले का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस जानलेवा समस्या से मुक्ति मिल सके.

Also Read: जेपीयू की दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार, रोज कॉलेजों का चक्कर लगा रहे हजारों छात्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajit dubey

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >