Gopalganj News : एक्सप्रेस ट्रेनों का सभी स्टेशनों पर किया जायेगा ठहराव : सांसद

गोपालगंज के सभी स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा. इसके लिए सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समितियां (दिशा) की बैठक में रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिया.

गोपालगंज. गोपालगंज के सभी स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा. इसके लिए सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समितियां (दिशा) की बैठक में रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिया. शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित दिशा की बैठक में केंद्र सरकार की कई योजनाओं पर चर्चा हुई और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये गये. बैठक शुरू होने से पूर्व डीएम प्रशांत कुमार सीएच ने अध्यक्ष को पुष्प देकर सम्मानित किया. वहीं, एमएलसी राजीव कुमार, विधायक रामप्रवेश राय, प्रेमशंकर प्रसाद को भी अधिकारियाें ने पौधा देकर सम्मानित किया. बैठक में डीएम ने प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित आठ योजनाओं का कैबिनेट स्तर से अनुमोदन एवं स्वीकृति होने से अवगत कराते हुए जानकारी दी. डीएम ने कहा कि प्रगति यात्रा में जितनी योजनाओं की घोषणाएं की गयीं, उसे कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है. सांसद ने बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सप्ताह में तीन दिन इस जिले में उपस्थित रहकर कार्य करना सुनिश्चित करेगे. विधायक रामप्रवेश राय ने अनुरोध किया कि गोपालगंज जिलांतर्गत वर्तमान में प्रचलित दो एक्सप्रेस ट्रेनों का सभी स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित कराया जाये. जलालपुर बाजार में बाजार के मध्य रेलवे लाइन पर अवस्थित गुमटी बंद कर देने से लोगों को हो रही परेशानी पर विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार द्वारा अनुरोध किया गया कि वहां पर अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण करवा दिया जाये, ताकि आवागमन में सुगमता हो सके. बैठक में एनएच-531 थावे बाइपास रोड व एनएच-27 के मिलन स्थल पर एक इंट्री तोरणद्वार के निर्माण के लिए एनओसी देने का निर्देश परियोजना निदेशक एनएच-531 छपरा को दिया गया. साथ ही ट्रायंगुलर जंक्शन बनाने का भी निर्देश दिया गया. गोपालगंज पोस्ट ऑफिस में लोगों का कार्य सुचारू एवं ससमय निष्पादित करने के लिए पोस्ट मास्टर को कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए जन सुविधाओं का ख्याल रखने का निर्देश दिया गया. सांसद ने एनएच-27 पर महम्मदपुर फ्लाइओवर के नीचे सालोंभर जलजमाव होने, कुचायकोट फ्लाइओवर/ ओवरब्रिज की मरम्मत करने और एनएच-27 पर लाइटिंग की व्यवस्था के साथ पैथ होल्स की मरम्मत का निर्देश दिया. प्राथमिक विद्यालय बंगरा, प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर पश्चिम टोला, माध्यमिक विद्यालय मुंजा के संबंध में दिये गये निर्देशों का अनुपालन करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया. सांसद ने बैठक में समीक्षा के क्रम में सदर अस्पताल के निर्माणाधीन नये भवन में गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग किये जाने के तथ्यों से अवगत कराया गया. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि डीएम और सांसद के संयुक्त निरीक्षण के लिए समन्वय स्थापित कर तिथि से अवगत करायेंगे. भवन की गुणवत्ता तकनीकी जांच के लिए संचिका डीएम के समक्ष उपस्थापित करेंगे. बरहिमा टोल टैक्स पर बरती जा रही अनियमितता एवं अत्यधिक शुल्क वसूली की शिकायतों के मद्देनजर परियोजना निदेशक एनएच- 27 को निर्देश दिया गया कि त्रुटि का निराकरण कराना सुनिश्चित करेंगे. एमएलसी, विधायक व जिला प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

डॉल्फिन व घड़ियाल अभ्यारण्य बनेगा

गंडक में डॉल्फिन मछलियों और घड़ियाल के पाए जाने को लेकर पर्यटन के रूप में इसे विकसित करने के लिए रेंजर गोपालगंज को मंगलपुर पुल के समीप स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले. सांसद ने कहा कि हाल के दिनों में कराये गये पक्षियों के सर्वे के दौरान डॉल्फिन और घड़ियालों की संख्या अच्छी खासी मिली है. इनके संरक्षण के अलावा रेस्क्यू समेत पर्यटक केंद्र बनने से एरिया विकसित होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >