Sidhwalia Degree College: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने शनिवार को सिधवलिया प्रखंड के जलालपुर स्थित नवनिर्मित डिग्री कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.
"बेटियों को नई उड़ान मिलेगी"
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि डिग्री कॉलेज के खुलने से क्षेत्र की बेटियों को अब उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि "बेटियों को नई उड़ान मिलेगी और वे अपने गांव-घर में रहकर ही स्नातक तक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी."
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश है कि हर प्रखंड में कम से कम एक डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध हो, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं भी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से वंचित न रहें.
कॉलेज भवन, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास का किया निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने उद्घाटन के बाद कॉलेज भवन, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्राओं की सुरक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने बताया कि फिलहाल कॉलेज में कला संकाय के छह विषयों में पठन-पाठन शुरू किया गया है.
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
समारोह में एसडीएम राजेश्वरी पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय, बीडीओ मंजय कुमार, सीओ अभिषेक कुमार, प्राचार्य डॉ. शंकर दयाल सिंह, प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य जयकिशोर नारायण, मुखिया गुड्डू सिंह, मंडल अध्यक्ष वरुण सिंह, संजय सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ग्रामीणों ने जताई खुशी
डिग्री कॉलेज की शुरुआत से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है. ग्रामीणों ने कहा कि अब जलालपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए गोपालगंज या छपरा नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी तथा विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
