गोपालगंज: टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, हाई रिस्क क्षेत्रों में 100% स्क्रीनिंग पर जोर

गोपालगंज में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया है. उन्होंने उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग और संभावित मरीजों की जल्द पहचान व उपचार पर जोर दिया.

Gopalganj News: कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले में संचालित टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अभियान को मिशन मोड में तेज करने और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

संभावित मरीजों की जल्द पहचान और उपचार पर जोर

समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उनका शीघ्र उपचार शुरू करना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों का चेस्ट एक्स-रे कराने और टीबी जांच की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि रोग की जल्द और सटीक पहचान सुनिश्चित हो सके.

अलग टीबी काउंटर और टीपीटी उपलब्ध कराने के निर्देश

डीएम ने डिफरेंशिएटेड टीबी केयर के तहत अलग टीबी काउंटर स्थापित कर मरीजों की जांच और तत्काल दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही हाउसहोल्ड कॉन्टैक्ट के सभी पात्र लोगों को अधिक से अधिक टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को प्रभावी ढंग से रोका जा सके.

लंबित पे-आईडी जल्द बनाने का निर्देश

बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लंबित प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की गई. डीएम ने निर्देश दिया कि रविवार को सभी प्रखंड लेखापाल जिला स्वास्थ्य समिति में जिला लेखापाल से संपर्क कर लंबित पे-आईडी का निर्माण कर उसे पूर्ण करें, ताकि वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो.

जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाने की अपील

बैठक के अंत में डीएम समीर सौरभ ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के साथ मिशन मोड में संचालित किया जाए. सभी स्वास्थ्यकर्मी अपने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि गोपालगंज को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी प्रगति सुनिश्चित हो सके.

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. मो. इस्रायल, संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शशि रंजन, प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक धीरज कुमार, डीईआईसी प्रबंधक सह आरबीएसके समन्वयक, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा एसटीएस (डीटीसी) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay Kumar Abhay

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >