गोपालगंज: मांझा के धर्मपरसा में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, छात्रों को मिली उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात

Gopalganj News: गोपालगंज के मांझा प्रखंड के धर्मपरसा में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन किया गया. इस मौके पर स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कॉलेज के खुलने से ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा.

Gopalganj News: मांझा प्रखंड के धर्मपरसा स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया. स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह, जयप्रकाश विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों, एडीएम अजय कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार झा, सीओ शमा प्रवीण तथा प्रमुख वाजीद अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर महाविद्यालय का शुभारंभ किया.

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

महाविद्यालय के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही उच्च शिक्षा संस्थान की मांग पूरी होने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. अब मांझा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

ग्रामीण छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मंजीत कुमार सिंह ने कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होगी. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई पर आने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार से शिक्षा का स्तर मजबूत होगा और अधिक से अधिक युवा स्नातक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे.

नामांकन और शैक्षणिक गतिविधियों की दी जानकारी

समारोह के दौरान जयप्रकाश विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम संचालन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर नामांकन कर उच्च शिक्षा का लाभ उठाने की अपील की.

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य रंजीत कुमार गुप्ता, शिक्षक कौशर इमाम, गयासुद्दीन, अफताब आलम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. महाविद्यालय के उद्घाटन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akhil srivastva

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >