Gopalganj News: जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव से एक चिंताजनक मामला प्रकाश में आया है. महाजनों के लगातार बढ़ते दबाव और कर्ज के भारी बोझ से परेशान होकर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. लापता युवक की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है. युवक के अचानक गायब होने के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
साहूकारों के मानसिक दबाव से तनाव में था युवक
मामले को लेकर लापता धर्मेंद्र कुमार की पत्नी बबीता कुमारी ने श्रीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.
पुलिस को दिए आवेदन में बबीता ने बताया कि उनके पति पिछले काफी समय से गंभीर आर्थिक तंगी और कर्ज के संकट से जूझ रहे थे. स्थानीय लेनदारों और साहूकारों द्वारा लगातार पैसे चुकाने को लेकर उन पर भारी मानसिक दबाव बनाया जा रहा था. इस मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक संकट के कारण वह काफी समय से अत्यधिक तनाव और अवसाद में रह रहे थे.
9 अगस्त से हैं लापता, तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, अत्यधिक मानसिक तनाव के बीच गत 9 अगस्त को धर्मेंद्र कुमार अचानक घर से कहीं चले गए. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने संभावित ठिकानों, नाते-रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका.
इधर, पीड़िता का आवेदन प्राप्त होते ही श्रीपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने गुमशुदगी की सनहा दर्ज कर मामले की तकनीकी और मानवीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल सर्विलांस और आसपास के इलाकों में पूछताछ कर लापता युवक का पता लगाने में जुटी है.
