Gopalganj News : गोपालगंज जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अनुकंपा के आधार पर बहाल लिपिकों से कार्यालयी काम नहीं लिये जाने का मामला अब शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है. एक लिपिक की ओर से सहयोग पोर्टल पर की गयी शिकायत के बाद विभाग ने जिले के सभी संबंधित स्कूलों से जवाब तलब किया है. स्कूलों को तीन दिनों के अंदर अनुकंपा पर बहाल लिपिकों को दी गयी जिम्मेदारियों का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
मामला विद्यालय लिपिक अजीमुल्लाह अंसारी की शिकायत से जुड़ा है. उन्होंने सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि अनुकंपा के आधार पर बहाल होकर कार्य कर रहे लिपिकों से कार्यालयी काम नहीं लिया जा रहा है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार्यालयी और प्रशासनिक संचिकाओं से जुड़े कार्यों का प्रभार भी उन्हें नहीं दिया गया है.
सभी स्कूलों से पूछा गया- कौन सा काम दिया गया
शिकायत सामने आने के बाद स्थापना डीपीओ विनय कुमार सुमन ने जिले के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों से प्रतिवेदन मांगा है. विभाग ने पूछा है कि उनके स्कूल में अनुकंपा पर बहाल लिपिकों से कौन-कौन से कार्य लिये जा रहे हैं और उन्हें किस तरह का कार्यालयी प्रभार दिया गया है.
तीन दिन में देना होगा पूरा प्रतिवेदन
विभाग ने सभी स्कूल प्रधानों को तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. अब विद्यालयों को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि उनके यहां अनुकंपा पर बहाल लिपिकों को पद के अनुरूप काम और जिम्मेदारी दी गयी है या नहीं.
रिपोर्ट से साफ होगी स्कूलों की व्यवस्था
स्कूलों से मिलने वाले प्रतिवेदन के बाद विभाग के सामने स्थिति स्पष्ट होगी कि अनुकंपा पर बहाल लिपिकों से उनके पद के अनुरूप कार्यालयी जिम्मेदारियां ली जा रही हैं या नहीं. रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय ले सकता है.
विभागीय निर्देश के बाद स्कूलों में बढ़ी हलचल
शिक्षा विभाग की ओर से तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगे जाने के बाद संबंधित स्कूलों में हलचल बढ़ गयी है. अब प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने विद्यालय में अनुकंपा पर बहाल लिपिकों के कार्य और प्रभार से संबंधित जानकारी विभाग को उपलब्ध करानी होगी.
