Gopalganj News : जादोपुर थाना क्षेत्र के रजवाही चंवर में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी, जबकि चार लोग झुलस गये. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बारिश से बचने के लिए मड़ई में छिपे थे सभी
मृतक की पहचान रजवाही गांव निवासी जंग बहादुर यादव के 13 वर्षीय पुत्र आत्मा यादव के रूप में हुई है. वहीं झुलसने वालों में रजवाही गांव निवासी चनर भगत के पुत्र शंभू भगत, ध्रुप यादव, राहुल यादव और धनंजय यादव शामिल हैं.
बताया गया कि सभी लोग रजवाही चंवर में भैंस चराने गये थे. इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास स्थित एक झोपड़ीनुमा मड़ई में जाकर छिप गये.
तेज आवाज के साथ मड़ई पर गिरी बिजली
इसी दौरान तेज आवाज के साथ मड़ई पर आकाशीय बिजली गिर गयी. इसकी चपेट में आने से आत्मा यादव की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग झुलस गये. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.
घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है.
बच्चे की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. अचानक हुए हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर मातम का माहौल है.
