Gopalganj News: भोरे-भवानी छापर-जगतौली मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जगतौली गांव के समीप अनियंत्रित बाइक ने एक अन्य बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में भोरे प्रखंड के जगतौली गांव निवासी मुन्नीलाल चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि मुन्नीलाल चौरसिया सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद उनके कान से तेज खून बहने लगा. घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें इलाज के लिए भवानी छापर पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर
भवानी छापर में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.
फिलहाल मुन्नीलाल चौरसिया का इलाज वाराणसी के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है.
