अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर छात्रहित और राष्ट्र निर्माण का संकल्प, जिले में ध्वजारोहण के साथ हुए कई कार्यक्रम

अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर गोपालगंज में ध्वजारोहण और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर छात्रहित और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया।

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट:- प्रतिनिधि,गोपालगंज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस सह राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर गुरुवार को गोपालगंज में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. जिला कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया गया. वहीं बैकुंठपुर में संगोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में संगठन के वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही. जिला कार्यालय में नगर मंत्री सूरज कुमार चंदन और जिला संयोजक हरिओम राय ने संयुक्त रूप से परिषद का ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित, छात्रहित और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अभाविप पिछले 78 वर्षों से छात्रों की समस्याओं को उठाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य कर रही है. ------------------- शिक्षा, छात्र अधिकार और राष्ट्र निर्माण पर दिया गया जोर:- कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख मुकुल शर्मा ने कहा कि अभाविप स्थापना काल से ही छात्र, शिक्षा और राष्ट्रहित के लिए समर्पित संगठन रहा है. संगठन ने देशभर में लाखों युवाओं को नेतृत्व और सामाजिक दायित्व का प्रशिक्षण दिया है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. राष्ट्रीय छात्र शक्ति पत्रिका के प्रांत संयोजक अनीश कुमार ने कहा कि अभाविप केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक चेतना, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करने का मंच है. नगर मंत्री सूरज कुमार चंदन ने कहा कि संगठन का 78 वर्षों का गौरवशाली इतिहास कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष का परिणाम है. परिषद आगे भी छात्र अधिकार, शिक्षा सुधार और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के मुद्दों पर मजबूती से काम करती रहेगी. खेलो भारत के प्रांत संयोजक प्रिंस सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास भी राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी है. स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं. ---------------- बैकुंठपुर में संगोष्ठी और पौधरोपण से दिया सामाजिक संदेश:- जिला संयोजक हरिओम राय ने कहा कि राष्ट्रीय छात्र दिवस विद्यार्थियों को उनके कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का स्मरण कराने का अवसर है. उन्होंने कहा कि अभाविप छात्र समस्याओं के समाधान, शैक्षणिक सुधार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी. इस अवसर पर पूर्व जिला संयोजक मंजीत राय, सोशल मीडिया के प्रांत सह संयोजक रोहित जायसवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश गोयल, राष्ट्रीय कला मंच की प्रांत संयोजिका हर्षिता कुमारी, कविता कुमारी, श्रेया सिंह, सन्नी सिंह, अभिषेक पांडेय, रौशन श्रीवास्तव, कुणाल सिंह, ऋषभदेव शुक्ला, चंचल बरनवाल, विक्की कुशवाह, आशुतोष कुमार, रितिक सिंह, रितिक पंडित, निशांत तिवारी, गोलू कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. इसी क्रम में बैकुंठपुर में आयोजित संगोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक जीतेश कुमार, राष्ट्रीय छात्र शक्ति पत्रिका के प्रांत संयोजक अनीश कुमार और खंड कार्यवाह सूरज सिंह ने भाग लिया. वक्ताओं ने युवाओं से समाज, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >