मांझा के धनखड़ में 3.88 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जायेगा पुल, आवागमन होगा आसान

मांझा. प्रखंड की देवापुर शेखपुर्दिल पंचायत के धनखड़ गांव की दलित बस्ती एवं बिंद टोली गांव के बीच सारण नहर पर अब पुल का निर्माण होने जा रहा है.

मांझा. प्रखंड की देवापुर शेखपुर्दिल पंचायत के धनखड़ गांव की दलित बस्ती एवं बिंद टोली गांव के बीच सारण नहर पर अब पुल का निर्माण होने जा रहा है. यह पुल मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत करीब 3.88 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनाया जायेगा. लंबे समय से ग्रामीण इस पुल की मांग कर रहे थे. अब सरकार द्वारा निर्माण की मंजूरी मिलने से लोगों में हर्ष है और इसे विकास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. धनखड़ गांव और आसपास के ग्रामीणों के लिए यह पुल किसी सौगात से कम नहीं होगा. अब तक गांव के लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए करीब 5 से 6 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता था. बरसात के दिनों में तो लोगों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ती थी. पुल बन जाने से यह दूरी घटकर बहुत कम रह जायेगी और गांव सीधा प्रखंड मुख्यालय से जुड़ जायेगा. पुल बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने, मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भी सहूलियत मिलेगी. महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह पुल राहत लेकर आयेगा. गांव से प्रखंड और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में समय और पैसा दोनों की बचत होगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से क्षेत्र के विकास की नयी राह खुलेगी. व्यापार और छोटे-छोटे व्यवसाय को भी इससे बल मिलेगा. अब यह पुल आसपास के कई गांवों के लिए जीवनरेखा साबित होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देगा.

विधायक ने किया शिलान्यास, गिनायीं सरकार की उपलब्धियां

मांझा. स्थानीय भाजपा विधायक रामप्रवेश राय ने फीता काटकर पुल निर्माण का शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि यह पुल ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब सरकार ने पूरा किया है. इस मौके पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियां भी गिनायीं. उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि से वृद्धा, विधवा और दिव्यांगों को राहत मिली है. गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है. हर पंचायत में विवाह भवन का निर्माण कराया जा रहा है ताकि सामाजिक आयोजनों के लिए स्थायी स्थल उपलब्ध हो सके. विधायक ने दावा किया कि जनता में एनडीए सरकार के प्रति उत्साह है और 2025 में एक बार फिर एनडीए 225 सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWEDHESH KUMAR RAJA

AWEDHESH KUMAR RAJA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >