दुस्साहस. बैकुंठपुर में पुलिस ड्रेस में पहुंचे डकैतों ने बमबारी कर डेढ़ घंटे तक की लूटपाट
बैकुंठपुर : भगवानपुर गांव में पुलिस ड्रेस में हथियार से लैस डकैतों ने सचितानंद प्रसाद पाल के घर पर धावा बोल कर डेढ़ घंटे तक लूटपाट की. डकैतों के हाथों में हथौड़ी, पेचकश व छेनी आदि थे. करीब 20 की संख्या में रहे डकैतों ने सबसे पहले घर की बुजुर्ग 75 वर्षीया जोनहा देवी से चाबी मांगी.
महिला नींद में बेटा समझ कर चाबी दे रही थी. तब तक अपराधियों ने झपट्टा मार चाबी छीन ली.
डकैतों ने उसे रिवाॅल्वर के बल पर कब्जे में ले लिया और ताला खोल कर घर में घुस गये. इस दौरान डकैतों ने अलमारी तोड़ कर डेढ़ लाख रुपये व करीब सात लाख के जेवर लूट लिये. इस दौरान डकैतों ने घर की औरतों के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार भी किया. जाते समय डकैतों ने बमबारी कर दहशत फैला दी. परिजनों ने बताया कि कई फायरिंग भी की गयी. बक्सा तोड़ने के दौरान अपराधियों का एक लोडेड रिवाल्वर छूट गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
गांव में आयी थी बरात
गांव में बरात आयी थी. वहां नाच का प्रोग्राम चल रहा था. दूसरी तरफ अष्टयाम का कार्यक्रम चल रहा था. इसके चलते बमबारी की आवाज को कोई समझ नहीं पाया. बाद में रोने-चिल्लाने की आवाज सुन कर गांव के लोग जुटे और पुलिस को खबर दी गयी. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजय कुमार, थानाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर अपराधियों का पीछा किया. पुलिस संदेह के आधार पर एक आदमी को पकड़ कर पूछताछ कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए श्वानदस्ता को बुलाया गयी है. जल्द ही घटना का खुलासा हो जायेगा.
लूटपाट के दौरान डकैतों का छूटा लोडेड रिवॉल्वर
आर्मी के दो जवानों को भी बंधक बनाया
डकैतों ने लूटपाट से पहले सचितानंद प्रसाद पाल के पुत्र आर्मी के जवान अनुरंजन कुमार व स्व नंदलाल पाल के पुत्र फौजी उदय शंकर कुमार को हथियार के बल से बंधक बना लिया. घर के दोनों जवानों को बंधक बना कर घटना को अंजाम दिया गया है. हर दरवाजा, रास्ते के मोड़ को अपराधियों ने सील कर दिया था. घर से लोग बाहर नहीं निकल पाये इसके लिए अपराधी गांव वालों पर नजर रख रहे थे.
बमबारी के कारण कुछ देर के लिए अंधकार छा गया
डकैतों ने लूटपाट कर चलते वक्त तीन बम फेंक कर इस कदर दहशत फैला दी कि कुछ देर के लिए आंगन से लेकर दरवाजे तक अंधकार छा गया. जान की परवाह लिये भय के मारे बच्चे व महिलाएं यत्र-तत्र दुबके रहे. शारदा देवी अब भी सदमे में बेहोश पड़ी है.
शादी की तैयारी रह गयी अधूरी
सचितानंद प्रसाद पक्षाघात से अपाहिज हो चुके हैं. उनके भाई की लड़की की शादी 10 मार्च को होनेवाली है. तिलक समारोह सात मार्च को होना है. इससे पहले की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी थी. माता-पिता पूर्व में ही मर चुके हैं. स्व नंदलाल पाल के पुत्र फौजी उदय शंकर अपनी बहन गुड़िया की शादी की तैयारी में जुटे थे. शादी की तैयारी के सारे अरमानों पर पानी फिर गया है. डकैती कांड की हुई घटना के बाद लकवा रोग से ग्रसित बिछावन पकड़े सचितानंद प्रसाद पाल, पत्नी शारदा देवी, बूढ़ी दादी जोनहा देवी सहित तमाम परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
