गोपालगंज : मौसम का रुख ठीक नहीं है. पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर बिहार पर भी पड़ेगा. राहत की बात यह है कि यह असर कमजोर हो गया है. फिर भी मार्च का मौसम गच्चा दे सकता है. पछुआ हवा के साथ बादल छाये रहने की संभावना बनी हुई है. इस दौरान बूंदाबांदी भी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय की मानें, तो पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 5 मार्च के बीच मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है.
मार्च के दूसरे हफ्ते में भी यह क्रम जारी रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ का असर यहां भी हो सकता है. अगर यह झटका नहीं आया, तो इस दौरान अमूमन मौसम साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 25-33 और न्यूनतम 12 से 16 डिसे के बीच रहेगा. पहाड़ों पर बर्फबारी मौसम को झकझोर रही है. मौसम का मिजाज कब बदलेगा कहना मुश्किल है.
