प्रधानमंत्री के खिलाफ की गयी टिप्पणी का किया विरोध
गोपालगंज : उत्पाद एवं निबंधन मंत्री अब्दुल जलील मस्तान के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तसवीर पर जूते मारने एवं अपशब्द बोलने पर जिला भाजपा ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. भाजपा ने अब्दुल जलील मस्तान को पागल एवं दारूबाज करा दिया है. जिला कार्यालय पर भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई. बैठक में मंत्री के बयान की निंदा की गयी. भाजपा ने कहा कि बिहार सरकार का उत्पाद मंत्री पूरे बिहार में तस्करी करवा कर शराब बेचवा रहा है
तथा निबंधन कार्यालयों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है. अब्दुल जलील मस्तान हमेशा पागलों की तरह बयानबाजी करता रहते हैं. भाजपा ने कहा कि बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जवाब देना होगा कि उनके मंत्री का आचरण जो एक कुकृत्य है एवं अपराध है उसको कैसे देखते हैं. भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री की तसवीर पर जूता मारनेवाले ऐसे मंत्री को मंत्री परिषद से बरखास्त करें. बैठक में निर्णय लिया गया है कि बिहार सरकार के मंत्री अब्दुल जलील मस्तान को जिले में आने पर भाजपा पुरजोर विरोध करेगी. बैठक में सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के उम्मीदवार महाचंद्र प्रसाद को जिताने के लिए व्यापक रणनीति बनायी गयी. महामंत्री रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी के मुताबिक एनडी उम्मीदवार डॉ महाचंद्र प्रसाद सिंह को जिताने के लिए भाजपा अध्यक्ष एवं प्रभारियों को नियुक्ति की गयी है.
इस मौके पर ब्रम्हानंद राय, अमरेश राय, मारकंडेय राय शर्मा, लखन तिवारी, सुभाष सिंह तोमर, पिंटू लाल श्रीवास्तव, वीरबहादूर सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, चंद्रमोहन पांडेय, संदीप गिरि, राजू चौबे, नीरज देवा, दीपक कुमार दीपू आदि शामिल थे.
