इस बार तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना
गोपालगंज : मौसम बदल चुका है. गरमी ने 35 दिन पहले अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है. अगले सप्ताह से तापमान बढ़ने की संभावना है. मंगलवार को अधिकतम तापमान बढ़ कर 32.1 तथा न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस आंका गया. यह तापमान सामान्यत: 28 मार्च से होना चाहिए, जो इस बार 21 फरवरी को देखने को मिला.
इस बार ठंड में भी 20 दिन पहले से ही कुहरा और शीतलहर की शुरुआत हुई थी. मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय की मानें, तो मौसम 1938 के रिकाॅर्ड को दोहराने की तैयारी में है. इस बार तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना बनी हुई है. अगले सप्ताह से मौसम का तेवर और चढ़ेगा. 28 फरवरी तक के लिए जो अनुमान लगाया गया है उसमें अधिकतम तापमान 30 से 33 तथा न्यूनतम तापमान 14 से 16 के बीच बना रहेगा.
इस बार फरवरी के अंत होते ही लोग पसीना से तर-बतर होने लगेंगे. मंगलवार की दोपहर कई दफ्तरों में पंखा चला कर लोग काम करने लगे.
पिछले पांच वर्षों का तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2012 26.2 13.8
2013 25.1 12.1
2014 27.4 14.2
2015 26.8 13.1
2016 25.5 14.4
