खलासी की हालत गंभीर, गया के अस्पताल में भरती
बैकुंठपुर (गोपालगंज) : झारखंड से मैदा लेकर लौट रहे ट्रक चालक व खलासी पर अपराधियों ने गया जिले में हमला कर ट्रक लूट लिया. वारदात के बाद घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान गया के अस्पताल में मौत हो गयी, जबकि खलासी की हालत गंभीर बनी हुई है. चालक रामेश्वर सिंह गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के विजुलपुर गांव का रहनेवाला था. वहीं खलासी शंकर सिंह बैकुंठपुर के खजुहटी दयागीर के टोला का निवासी है. वारदात शुक्रवार की रात गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में हुई. बाराचट्टी थाने की पुलिस ने शनिवार की दोपहर बैकुंठपुर थाने से संपर्क कर घटना की जानकारी दी.
बैकुंठपुर के थानाध्यक्ष इंद्रजीत कुमार ने बताया कि चालक व खलासी झारखंड से मैदा लेकर आ रहे थे. गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने ट्रक रोक कर चालक व खलासी को नशा खिला दिया, इसके बाद उन्हें मारपीट कर सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रक लूट लिया.
आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया. वारदात की सूचना मिलते ही पीड़ित परिजनों में चीत्कार मच गया. पुलिस की सूचना पर परिजन शनिवार को गया के लिए रवाना हो गये.
झारखंड से मैदा लेकर लौट रहे थे चालक-खलासी, बाराचट्टी में वारदात
गया पुलिस ने बैकुंठपुर थाने को दी सूचना, परिजन गया के लिए रवाना
