दुस्साहस Â पुलिस के फर्जी अकाउंट पर डाले गये कई आपत्तिजनक पोस्ट, अकाउंट बनानेवाले की तलाश शुरू
गोपालगंज : सोशल साइट्स पर पुलिस का फर्जी अकाउंट चल रहा है. बरौली थाने के नाम से तो कहीं पुलिस मित्र के नाम पर फेसबुक पर अकाउंट बनाया गया है. ऐसे अकाउंट में कई आपत्तिजनक पोस्ट डाले गये हैं, जिससे सामाजिक समरसता द्वेष बढ़ सकता है. फर्जी अकाउंट के बारे में पुलिस को भी जानकारी नहीं है.
मंगलवार को बरौली थाने की पुलिस को इस मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू दी है. पुलिस ने अकाउंट बनानेवाले की तलाश शुरू कर दी है. आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करनेवालों की पहचान की जा रही है.
बरौली पुलिस के मुताबिक थाने की ओर से फेसबुक पर किसी तरह का अकाउंट नहीं बनाया गया है. थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने कहा कि ऐसे मामले को पुलिस गंभीरता से लेकर जांच कर रही है.
जेल भेजे जा चुके हैं कई लोग : फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में पुलिस कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. दुर्गापूजा के बाद मीरगंज और नगर थाने की पुलिस सोशल साइट्स पर पोस्ट डालने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी. पुलिस की कार्रवाई से कुछ दिनों तक इस तरह के मामले नहीं आये. अब थाने के नाम का फर्जी अकाउंट बना कर पोस्ट डाला जा रहा है.
बरौली थाने का फर्जी फेसबुक अकाउंट.
पुलिस कर रही जांच
सोशल साइट्स पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में नगर थाने के इंस्पेक्टर बोलेश्वर राय ने कहा कि पुलिस का विशेष सेल इस मामले की जांच कर रहा है. पुलिस आपत्तिजनक पोस्ट डालनेवाले की पहचान कर कार्रवाई करेगी.
बालेश्वर राय
