मकान मालिक बाप-बेटे हुए गिरफ्तार

मकान मालिक पर घर में रूपेश शुक्ला को रखने का आरोप गोपालगंज : खजूरबानी शराबकांड के मास्टर मांइड रूपेश शुक्ला की गिरफ्तार करने में नाकाम पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित उसके मकान मालिक बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा है. पुलिस इंस्पेक्टर बालेश्वर राय व मांझा के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत […]

मकान मालिक पर घर में रूपेश शुक्ला को रखने का आरोप

गोपालगंज : खजूरबानी शराबकांड के मास्टर मांइड रूपेश शुक्ला की गिरफ्तार करने में नाकाम पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित उसके मकान मालिक बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा है. पुलिस इंस्पेक्टर बालेश्वर राय व मांझा के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत की टीम ने गत 20 दिसंबर की रात में हरखुआ रोड स्थित अंगद प्रसाद एवं उनके पुत्र राजन कुमार के घर छापेमारी कर गिरफ्तार किया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के जलालपुर के रहनेवाले रूपेश शुक्ला उर्फ पंडित हरखुआ रोड के अंगद प्रसाद के घर में किराये पर रहता था.
इस बीच गत 15 और 16 अगस्त को खजूरबानी में शराब पीने से एक साथ 21 लोगों की मौत और पांच लोगों के बीमार होने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की. पुलिस इस मामले में 19 अगस्त को नगीना पासी को गिरफ्तार किया. नगीना ने पुलिस के समक्ष जो बयान दिया उसके आधार पर रूपेश शुक्ला उर्फ पंडित कांड का मास्टर माइंड निकला. रूपेश शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए यूपी से लेकर चंपारण तक छापेमारी की जा चुकी है. रूपेश शुक्ला की गिरफ्तारी नहीं होने पर कोर्ट से कुर्क किया जा चुका है. इस बीच पुलिस रूपेश शुक्ला के मकान मालिक अंगद प्रसाद एवं उसके बेटे राजन कुमार को भी रूपेश शुक्ला को संरक्षण देने के आरोप में गिरफ्तार कर रविवार की देर शाम जेल भेजने के लिये सीजेएम कोर्ट पहुंची. कागजी पेच होने के कारण कोर्ट से रिमांड नहीं हो सका था. पुलिस के अधिकारी जेल भेजने के लिए देर शाम तक परेशान थे.
रिमांड कराने पहुंची पुलिस : शहर के प्रतिष्ठित व्यावसायियों में अंगद प्रसाद का परिवार शामिल है. पुलिस ने 20 दिसंबर की रात में छापेमारी की, जिसमें अंगद प्रसाद और उनके पुत्र राजन को हिरासत में लिया गया. चार दिनों तक पुलिस ने परिजनों को यह नहीं बताया कि किस केस में गिरफ्तार किया है. दोनों को पुलिस ने महम्मदपुर थाने में बंद कर दिया. इधर अंगद प्रसाद की पत्नी शकुंतला देवी ने शनिवार को सीजेएम रामअवध प्रसाद के कोर्ट में आवेदन देकर पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए न्याय की अपील की. कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल पुलिस को नोटिस जारी किया. नोटिस जारी होते ही रविवार को दोनों बाप-बेटे को खजूरबानी शराबकांड में आरोपित बनाते हुए कोर्ट में जेल भेजने के लिए लेकर पहुंची.
रूपेश शुक्ला पुलिस की पकड़ से अब भी बाहर
कोर्ट ने पुलिस से मांगी डायरी
बाप-बेटे को जेल भेजने के लिए पुलिस जब कोर्ट पहुंची, तो इस मामले में कोर्ट ने पुलिस से डायरी सौंपने का निर्देश दिया. कोर्ट ने कहा कि किस आरोप में इन्हें जेल भेजें, जिसके कारण देर शाम तक पुलिस कागजी कार्रवाई करने में जुटी रही. उधर कोर्ट के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग बड़े व्यवसायी को देखने के लिए मौजूद थे. उधर पुलिस का पक्ष लेने के लिए जब एसपी, एसडीपीओ तथा इंस्पेक्टर के सेल फोन पर संपर्क किया गया, तो किसी भी अधिकारी ने कुछ भी बताने से इनकार किया. हालांकि एसपी के सरकारी नंबर पर पक्ष रखने के लिए एसएमएस भेजा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >