केंद्र के विदेश मंत्रालय ने दी स्वीकृति
गोपालगंज : अब गोपालगंज के युवाओं को पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना नहीं जाना पड़ेगा. अब अपने ही शहर में पासपोर्ट बनेगा. जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार की तलाश में खाड़ी देशों में जाना होता है. इसके लिए पासपोर्ट की जरूरत पड़ती है. अधिकतर युवा पासपोर्ट बनवाने में ही अपना एक साल तक समय गंवा बैठते हैं. इस समस्या को देखते हुए गोपालगंज के सांसद जनक राम ने बेराेजगार युवाओं के हित में पहल करते हुए पासपोर्ट कार्यालय खुलवाये जाने का कदम उठाया.
उनकी पहल पर गोपालगंज में पासपोर्ट कार्यालय खुलने की स्वीकृति केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय से मिल गयी है. सांसद ने बताया कि स्थानीय डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय की शाखा खुलेगी. इसकी सभी तैयारियां पूरी होने के साथ ही विदेश मंत्रालय के द्वारा उद्घाटन की तिथि का निर्धारण किया जायेगा. नये साल में गोपालगंजवासियों के लिए पासपोर्ट कार्यालय तोहफा साबित होगा.
