किशोर की हत्या के बाद फूटा आक्रोश
सासामुसा : विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर में किशोर का अपहरण कर अपराधियों ने हत्या कर दी. गुरुवार सुबह छात्र का शव बरामद होने के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश भड़क उठा. ग्रामीणों ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा मोड़ के पास एनएच- 28 पर शव को रख कर जाम लगा दिया. इससे 30 किमी लंबा जाम लग गया़ ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी व एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे. स्थिति बिगड़ते देख कुचायकोट थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने सीओ अमित रंजन को बुलाया. पुलिस ने जाम हटाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों के रुख को देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा. विशंभरपुर के थानाध्यक्ष विकास कुमार, गोपालपुर के थानाध्यक्ष अजय कुमार, जादोपुर के थानाध्यक्ष
ग्रामीणों ने हाइवे…
राकेश मोहन, थावे थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, उचकागांव पुलिस व एसडीपीओ मनोज कुमार मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ ने घटना की उच्चस्तरीय जांच का भरोसा दिला कर सात घंटे बाद जाम हटवाया. ग्रामीणों ने बताया कि बलिवन सागर के वृजकिशोर पांडेय का बेटा उपेंद्र पांडेय (14 वर्ष) हजारी लाल उच्च विद्यालय 10वीं कक्षा का छात्र था. बुधवार रात 11 बजे वह पिता का मोबाइल लेकर अलार्म लगा कर सोने चला गया. रात के 1:51 बजे घर के मोबाइल पर फोन कर किसी ने उसकी पिटाई किये जाने की सूचना दी. परिजन उसे खोजने लगे. दोबारा फिर फोन आया तो हनुमान मंदिर के पास बुलाया गया. इधर, परिजन आसपास के मंदिरों पर तालाश कर रहे थे. रात के ढाई बजे पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने घटना को हल्के में लिया. सुबह सात बजे छात्र के शव को कुचायकोट पुलिस ने बेलबनवा हनुमान मंदिर के पास से बरामद किया. शव मिलने की सूचना पर परिजनों में चीत्कार मच गया. हत्या से ग्रामीण आक्रोशित होकर आंदोलन पर उतर आये.
हाइवे पर शव को रख कर जाम करते उग्र ग्रामीण.
