वाहन चोर िगरोह सरकारी दफ्तर व विवाह भवन को बना रहे निशाना
गोपालगंज : शहर में बाइक चोरी की घटनाएं सिरदर्द बन गयी हैं. बाइक की चोरी होने पर लोगों को दुहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है. घर के बाहर रखी गयी बाइक रात में ही चोरी हो जाती है. बाइक मालिक को चोरी का पता दूसरे दिन लगता है. नवंबर में समाहरणालय परिसर से दो बाइकों की चोरी कर ली गयी. वहीं सदर अस्पताल कैंपस से तीन बाइकें चोरी हुईं. इनमें से एक बाइक विशंभरपुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गयी थी. टाउन पुलिस के अनुसार शहर में अक्तूबर-नवंबर में
13 बाइकों की चोरी की गयी है. इसके मुकाबले एक बाइक को बरामद किया गयाहै. वाहन चोर गिरोह के सदस्य कोर्ट-कचहरी, अस्पताल, बैंक, समाहरणालय और शैक्षणिक संस्थानों को सबसे अधिक निशाना बना रहे हैं. अबतक चोरी गये वाहनों में सबसे अधिक स्पलेंडर-प्रो बाइक शामिल है. टाउन इंस्पेक्टर बालेश्वर राय ने इस मामले में पूछे जाने पर कहा कि पुलिस वाहन चोरों की धर-पकड़ में जुटी हुई है. आम जन को भी अवेयरनेस की जरूरत है. वाहनों को खुले में नहीं रखें. वाहन को लॉक करके रखें, एहतियात बरतें. पुलिस सूत्रों के मुताबिक बाइक चोर गिरोह के अधिकतर सदस्य सीवान के बड़हरिया व सारण के हैं.
इस साल सबसे अधिक नवंबर में चोरी
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस साल सबसे अधिक नवंबर में बाइक की चोरी हुई है. इनमें शहर में 10, बैकुंठपुर में दो, मीरगंज में तीन के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में बाइक की चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में चालकों के साथ मारपीट कर वाहन चोरी की वारदातें भी होती रहती हैं. शहर में घरों के बाहर खड़ी होनेवाली बाइकों पर चोरों की नजर है. साथ ही मैरेज हॉल, बाजार, बैंकों के बाहर भी चोरों की निगाह रहती है.
पकड़े गये हैं कुछ अपराधी
बाइक चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए पुलिस को निर्देश दिया गया है. कुछ अपराधी पकड़े भी हैं. इनसे भी पूछताछ की जा रही है. शहर में गश्त को और सख्त किया जायेगा.
रविरंजन कुमार, एसपी
