सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में की गयी तोड़फोड़.
कैदी की सुरक्षा में आयी मंडल कारा पुलिस से परिजनों की झड़प
पुलिस ने तोड़फोड़ करनेवाले कैदी के भाई को किया है गिरफ्तार
गोपालगंज : मंडल कारा से बीमार कैदी को सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाते ही परिजनों ने बवाल शुरू कर दिया. कैदी वार्ड में तोड़फोड़ की गयी. कैदी की सुरक्षा में लगी मंडल कारा की पुलिस के साथ झड़प की गयी, जिसमें दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से चोटिल हो गये. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना पाकर नगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने मौके पर पहुंच कर तोड़फोड़ कर रहे कैदी के आरोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया. दरअसल परिजनों को बीमार कैदी की मौत होने का शक हो गया था.
इसके कारण परिजनों ने अस्पताल में आते ही हंगामा शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के सरेया मोहल्ला के वार्ड संख्या चार के निवासी दया कुमार महतो को चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था. बुधवार को मंडल कारा में दया कुमार महतो की अचानक स्थिति बिगड़ने लगी. जेल प्रशासन ने कैदी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भेजा. साथ ही इसकी सूचना परिजनों को दी.
उधर, जेल प्रशासन की सूचना पर सदर अस्पताल में पहुंचे कैदी के परिजन कैदी वार्ड में पुलिस से उलझ गये. बीमार कैदी से मिलने की मांग करने लगे. पुलिस कुछ बता पाती, तबतक कैदी वार्ड में तोड़फोड़ शुरू हो गयी. परिजनों के हंगामा और उपद्रव के कारण अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गयी.
उधर, घटना की सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस पहुंच गयी. पुलिस के पहुंचते ही कैदी के परिजन फरार हो गये. पुलिस ने कैदी के आरोपित भाई सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, सिविल सर्जन डॉ मधेश्वर प्रसाद शर्मा ने कहा कि पहले से कैदी बीमार था. कैदी वार्ड में मामूली रूप से तोड़फोड़ की गयी है.
