गोपालगंज : जिले को बिजली से रोशन करनेवाला विद्युत विभाग का कार्यालय मंगलवार को स्वयं रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगायेगा. यहां जगमगाती रोशनी के बीच विद्युत विभाग अनवरत अपनी विकास यात्रा की गाथा सार्वजनिक करेगा. नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन काॅरपोरेशन लिमिटेड की स्थापना के चार वर्ष पूरे हो गये हैं. मंगलवार को स्थापना दिवस के अवसर पर जिला विद्युत कार्यालय गोपालगंज के प्रांगण में स्थापना दिवस को समारोहपूर्वक मनाया जायेगा.
इसके लिए विभाग ने तैयारी पूरी करते हुए समारोह परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया है. स्थापना दिवस समारोह के साथ-साथ कंपनी अपनी उपलब्धियों को भी बतायेगी. खास नजर इस पर होगी कि जिले के विद्युतीकरण एवं विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में और अधिक कारगर रणनीति कंपनी की क्या होगी?
