धनतेरस आज . बाजार सज-धज कर तैयार, ग्राहकों का इंतजार
सर्राफा बाजार इलेक्टाॅनिक्स आयटमों के साथ स्टील के बरतन और गाड़ियों के शो रूम में लोगों की आवाजाही बढ़ गयी है. धनतेरस पर 10 करोड़ से अधिक के कारोबार की संभावना है.
गोपालगंज : बाजार सज-धज कर तैयार है. शुक्रवार को ग्राहकों का इंतजार है. इस बार शुक्रवार यानी लक्ष्मी के विशेष संयोग में खरीदारी का अद्भुत फल भी मिलनेवाला है. इसको लेकर बाजार में काफी उत्साह दिख रहा है. शहर के हर चौक- चौराहे और मुख्य बाजारों में दुकानें सज चुकी हैं. कई दुकानों में एडवांस बुकिंग भी की जा रही है.
बाजार में अभी से ही काफी भीड़ है. अधिकतर खरीद ज्वेलरी, गाड़ियों और स्टील के बरतनों की होती है. सराफा व्यापारी श्याम सिनेमा रोड स्थित गुप्ता ज्वेलर्स का कहना है कि सोने के आभूषणों के ऑर्डर और रोज पहनने के लिए डायमंड ज्वेलरी की अधिक मांग है. इसके अलावा धनतेरस पर इकॉनॉमी क्लास के लिए हीरा जड़ित इयरिंग, रिंग, पेंडल आयेे है. चांदी की लक्ष्मी, गणेश के सिक्के भी तैयार हैं. चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मोहन गुप्ता की मानें, तो इस बार धनतेरस पर 10 करोड़ से अधिक के कारोबार होने की उम्मीद जतायी जा रही है.
नकली ज्वेलर्स से रहें सतर्क
कई कारोबारियों ने नकली ज्वेलर्स भी उतारे हैं, जो ग्राहकों को आसानी से ठग सकते हैं. चांदी के सिक्काें से लेकर गणेश, लक्ष्मी की मूर्ति तक नकली बाजार में आ गये हैं. थोड़ी-सी भी चूक हुई, तो आप फंस सकते हैं.
इसकी पड़ताल कर ही खरीदें. ज्वेलरी में हॉल मार्क देख लें कि सोना में 750 की तथा 916 की मुहर लगी है या नहीं. मुहर नहीं है, तो ज्वेलरी नकली भी हो सकता है.
शहर में 800 चरपहिया वाहनों की बुकिंग
लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदते लोग.
धनतेरस पर खरीदारी के लिए शहर में कुल 800 चरपहिया गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है. इसके लिए ग्राहकों ने ऑर्डर दे दिये हैं या पेंमेंट कर दिये हैं. मारुति की 300, महिंद्रा की 125 रेनाल्ट की 100 से अधिक, हुंडई की 80, शेवर्लेट की 15 समेत अन्य कंपनियों की कुल 600 गाड़ियों की डिलिवरी होनी है. 800 से अधिक दोपहिया गाड़ियां बिकनेवाली हैं.
