18 नवंबर तक का मिला समय
आरपीएस में नहीं चलेगी लापरवाही
गोपालगंज : सभी प्रखंडों के बीडीओ अपने-अपने क्षेत्र की कम-से-कम एक पंचायत को खुले में शौच से मुक्त कराएं. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों की खाता इंट्री के कार्यों में तेजी लायी जाये. शनिवार को जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम राहुल कुमार ने सभी बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया कि छठ एवं दीपावली के अवसर पर विशेष चौकसी बरतें एवं छठ घाटों का भौतिक सत्यापन करने के साथ-साथ घाटों पर रोशनी की व्यवस्था की जाये. महत्वपूर्ण छठ घाटों की वीडियोग्राफी करायी जाये. घाटों पर पटाखों की आतिशबाजी पर रोक रहेगी.
एसडीओ से लाइसेंस लेकर ही पटाखों की बिक्री की जायेगी. वहीं लोकायुक्त, मानवाधिकार एवं मुख्यमंत्री के सात निश्चय के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा की गयी. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्राम सभा के द्वारा अनुमोदित योजनाओं को अपलोड कराये जाने का निर्देश दिया गया.
इस बैठक में डीडीसी दयानंद मिश्र, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कृष्ण मोहन प्रसाद, एसडीओ मृत्युंजय कुमार, एसडीसी विवेक कुमार, डीपी शाही, राजीव रंजन सिन्हा के साथ-साथ सभी सीओ, सभी बीडीओ मौजूद थे.
