जिले के 30 हजार उपभोक्ताओं ने लिंकअप नहीं कराया आधार
30 नवंबर तक का है अंतिम समय
गोपालगंज : अगर आपने एलपीजी कनेक्शन व बैंक एकाउंट से आधार कार्ड को लिंक नहीं कराया है, तो देर न करें. फौरन गैस एजेंसी व बैंक शाखा में आवेदन देकर लिंक करा सकते हैं. एक दिसंबर से ऐसे उपभोक्ता जिनका आधार कार्ड लिंकअप नहीं है, उन्हें घरेलू गैस सिलिंडर नहीं मिलेगा. अगर बुकिंग करायी गयी है, तो उसे रद्द कर दिया जायेगा. जिले में तीन ऑयल कंपनियों इंडियन ऑयल, कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम व भारत पेट्रोलियम कंपनी के साढ़े पांच लाख उपभोक्ता हैं.
सभी उपभोक्ताओं के पास आधार कार्ड होना अनिवार्य है. ऐसे उपभोक्ता जिनके पास कार्ड नहीं थे, उन्हें बनवाने के लिए गैस एजेंसी में आधार कार्ड शिविर भी लगाये गये थे. वहीं, ऐसे उपभोक्ताओं को ऑयल कंपनियों द्वारा मोबाइल पर कार्ड लिंक कराने के मैसेज भेजे जाते हैं. इसके बाद भी जिले में 30 हजार उपभोक्ताओं ने कार्ड को लिंकअप नहीं कराया है. अब पेट्रोलियम मंत्रालय ने 30 नवंबर तक की मोहलत दी है. एक दिसंबर से घरेलू सिलिंडर की डिलिवरी न करने का निर्देश दिया गया है. अगर उपभोक्ता ने नवंबर में गैस की बुकिंग करा रखी है, तो उसे रद्द करने के लिए कहा गया है.
शाही गैस एजेंसी के संचालक आदित्य शंकर शाही ने बताया कि ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने आधार कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, अभी तक कार्ड बन कर नहीं मिला है, वह रजिस्ट्रेशन की स्लिप की डिटेल दे सकते हैं. उसे साक्ष्य के रूप में मान लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि आधार कार्ड को गैस एजेंसी व बैंक शाखा से लिंक कराना होगा. इससे घरेलू सिलिंडर पर मिलनेवाली सब्सिडी सीधे खाते में पहुंचेगी.
