फुलवरिया/गोपालगंज : चर्चित आमोद तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्याकांड में फरार चल रहे नामजद आरोपित आलोक कुमार राय को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. नगर थाने की मदद से फुलवरिया पुलिस ने शहर से आरोपित की गिरफ्तारी की है. गिरफ्तार ठेकेदार जादोपुर थाना क्षेत्र के बरइपट्टी निवासी आलोक कुमार राय को रविवार की देर शाम जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि पिछले चार साल से उसकी तलाश थी.
हत्याकांड के बाद से आरोपित फरार चल रहा था. फुलवरिया थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की. बता दें कि फुलवरिया प्रखंड में बीडीओ के चैंबर में घुस कर अपराधियों ने 18 दिसंबर, 2012 की शाम आमोद तिवारी की गोली मार कर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें ठेकेदार आलोक कुमार राय को नामजद आरोपित बनाया गया था. ठेकेदारी को लेकर उपजे विवाद में घटन को अंजाम देने की बात जांच में सामने आयी थी.
