बैंक खातों से जोड़ी जायेगी आधार संख्या
गोपालगंज : अब हाइस्कूलों में कैंप लगा कर आधार कार्ड बनाया जायेगा. डीएम राहुल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई जिसमें निर्देश दिया गया कि सभी हाई स्कूलों में कैंप आयोजित कर आधार कार्ड पंजीकरण कराया जाये. बैंक खाते से आधार कार्ड को जोड़ने का कार्य सुनिश्चित किया जाये. इसके लिए एक अक्तूबर तक की तिथि निर्धारित की गयी. इस अवधि में सभी उच्च विद्यालयों में कैंप का आयोजन कर आधार कार्ड का पंजीकरण कराया जाना है, ताकि विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का आधार पंजीकरण कराया जा सके. शिक्षा विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग संयुक्त रूप से जिले के सभी हाइस्कूलों में आधार पंजीकरण कैंप आयोजित करेगा. सभी हाइस्कूलों के हेडमास्टर एवं प्रभारी हेडमास्टर इस कैंप के प्रभारी होंगे. वहीं, कैंप के दौरान कैंप स्थल पर आधार भूत संरचना के तहत मे आइ हेल्प यू केंद्र बनाया जायेगा.
इस केंद्र पर एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति की जायेगी, ताकि योजना की सफलता का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा सके. साथ ही स्कूल के छात्र-छात्राओं के अलावा आम नागरिकों का भी नि:शुल्क आधार पंजीकरण कराया जा सके. उनके द्वारा प्रत्येक लाभुक से विहित प्रपत्र भरवा कर सभी बैंकों को उपलब्ध कराया जायेगा. सभी लाभुकों का आधार पंजीकरण एवं बैंक से आधार नंबर जोड़े जाने के बाद विद्यालय के हेडमास्टर के द्वारा विहित प्रपत्र में आधार कार्ड बनाये जाने का प्रमाणपत्र कैंप लगाने वाली एजेंसी को दिया जायेगा. इस विशेष आधार से शिविर छात्र-छात्राओं के अलावा अन्य लाभुकों के भी नि:शुल्क आधार पंजीकरण भी किया जायेगा.
