खजूरबानी शराबकांड की दो आरोपितों का सरेंडर
गोपालगंज : खजूरबानी शराबकांड में फरार दो आरोपितों ने सोमवार को सीजेएम रामअवध प्रसाद के कोर्ट में सरेंडर कर दिया. कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया. बता देें कि खजूरबानी शराब कांड में पिछले 19 अगस्त से पुलिस की टीम यूपी से लेकर बिहार के कई ठिकानों पर गिरफ्तारी के […]
गोपालगंज : खजूरबानी शराबकांड में फरार दो आरोपितों ने सोमवार को सीजेएम रामअवध प्रसाद के कोर्ट में सरेंडर कर दिया. कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया. बता देें कि खजूरबानी शराब कांड में पिछले 19 अगस्त से पुलिस की टीम यूपी से लेकर बिहार के कई ठिकानों पर गिरफ्तारी के लिए खाक छानती रही. इस बीच सोमवार को कांड के नामजद अभियुक्त खजूरबानी के रहनेवाली स्व
शिवनारायण पासी की पत्नी इंदु देवी तथा नंदजी पासी की पत्नी रिता देवी ने अपने अधिवक्ता वेदप्रकाश तिवारी के माध्यम से सीजेएम कोर्ट में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि गत 19 अगस्त को ही नगीना पासी कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था,लेकिन पुलिस ने जाल बिछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया था. इस बार पुलिस को भनक तक नहीं लगी और दोनों महिला आरोपितों ने आत्मसमर्पण कर दिया. इनके विरुद्ध कोर्ट ने 23 सितंबर को कुर्की-जब्ती का वारंट जारी किया था. ध्यान रहे कि खजूरबानी में शराब पीने से गत 16 और 17 अगस्त को 21 लोगों की मौत हो चुकी थी. इस कांड में पांच अन्य लोग बीमार हुए, जिनमें तीन की आंखों की रोशनी चली गयी है.
पुलिस के लिए अब भी चुनौती है ग्रहण और पंडित
खजूरबानी शराबकांड में पुलिस के लिए अब भी ग्रहण पासी और पंडित चुनौती बने हुए हैं. इनका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल पा रहा है. पुलिस के अधिकारी गिरफ्तारी के लिए इनके संभावित ठिकानों को खंगालने में जुटे हैं. पुलिस के छापेमारी और प्रशासनिक कार्रवाई के भय से अब तक कन्हैया पासी, लालझरी देवी, कैलाशों देवी, इंदू देवी तथा रीता देवी ने भी सरेंडर कर दिये, जबकि पुलिस ने पहले दिन ही छठु पासी, राजेश पासी, सनोज पासी, संजय पासी, रंजय पासी तथा मुन्ना पासी को गिरफ्तार कर लिया था. इनके यहां से भारी पैमाने पर शराब बरामद की गयी थी, जबकि पुलिस ने नगीना पासी और लाल बाबू पासी को भी बाद में गिरफ्तार किया.
अब इस कांड के नामजद अभियुक्त ग्रहण पासी और मास्टरमाइंड सीवान जिले के जामो बाजार थाने के जलालपुर के निवासी रूपेश शुक्ला उर्फ पंडित की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस के हाथ में ग्रहण पासी के खिलाफ कुर्की-जब्ती का वारंट है, जबकि पंडित के खिलाफ अब तक वारंट प्रे नहीं किया है.