सख्ती. टैक्स वसूली के लिए नप उठायेगा कदम
दो कैंपों में हुई महज 22.56 लाख की वसूली
गोपालगंज : होल्डिंग टैक्स वसूली के लिए नगर पर्षद कड़ा रुख अख्तियार करने की तैयारी में है. बड़े बकायेदारों पर जहां सर्टिफिकेट केस होगा, वहीं छोटे बकायेदारों पर जुर्माना लगाया जायेगा. गौरतलब है कि विगत चार वर्षों से नगर पर्षद में होल्डिंग टैक्स बकाया है. इस बार होल्डिंग टैक्स वसूली के लिए सबसे पहले नप द्वारा बैंड-बाजे के साथ गांधीगिरी की गयी, फिर वार्डवार दो चरणों में टैक्स वसूली के लिए कैंप लगाये गये.
नप के काफी मशक्कत के बाद होल्डिंग टैक्स के रूप मे महज 22.56 लाख की वसूली हो पायी. अब भी नप का 2.9 करोड़ से अधिक का बकाया है. टैक्स वसूली के लिए नप ने इस बार जुर्माने के साथ रकम वसूलने की तैयारी में लगा है. इसके लिए बकायेदारों की सूची बनायी जा रही है. नप की नजर सबसे पहले बड़े बकायेदारों पर है. यदि ऐसा हुआ तो आधा से अधिक होल्डरों पर जुर्माना तय है.
2.9 करोड़ का है बकाया
वसूले जायेंगे कॉमर्शियल होल्डिंग टैक्स
नगर पर्षद जल्द ही कॉमर्शियल होल्डिंग टैक्स की वसूली करेगा. इसके लिए सूची बनाने का काम जल्द शुरू किया जायेगा. शहर के वे आवासीय भवन जिनसे सामान्य टैक्स की वसूली होती रही है यदि उनका उपयोग व्यावसायिक रूप में किया जा रहा है तो उनसे कॉमर्शियल टैक्स लिये जायेंगे. इसके अंतर्गत दुकान, संस्थान, रेन्टर वाला भवन सभी इस दायरे में आयेंगे. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी राजकिशोर लाल ने कहा कि होल्डिंग टैक्स पर ही नगर का विकास निर्भर है. बकाया के रूप में बड़ी राशि होल्डरों के पास है. सख्ती बरतते हुए वसूली की जायेगी, साथ ही कॉमर्शियल टैक्स के लिए भी जल्द रणनीति बनेगी.
एक नजर में होल्डिंग टैक्स
कुल वार्ड 28
होल्डर 10248
कॉमर्शियल होल्डर 00
कुल होल्डिंग टैक्स बकाया 2.9 करोड़
कैंप में कुल वसूली 22.56 लाख
