फतेहपुर जानेवाली सड़क पर मिली लाश
बरौली : बरौली में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करनेवाला मामला सामने आया है. नवजात की मौत के बाद सड़क किनारे फेंक दिया गया. आवारा कुत्तों ने नवजात के शव को अपना निवाला बनाया. बरौली बाजार से फतेहपुर जानेवाली सड़क के किनारे पड़ी नवजात के शव से दुर्गंध निकल रही थी. आसपास के लोगों ने शव को देख पुलिस को इसकी सूचना दी. गुरुवार की शाम तक नवजात की लाश सड़क किनारे पड़ी रही.
आवारा कुत्ते नोंच – नोंच कर खा रहे थे. हालांकि बाद में आसपास के लोगों ने कुत्तों को खदेड़ दिया. लेकिन, नवजात का क्षत-विक्षत शव वहीं पड़ा रह गया. बरौली में इसके पहले कई बार नवजात के शवों के फेंकने का मामला प्रकाश में आ चुका है. बरौली अस्पताल के पास पांच माह पूर्व एक नवजात को फेंक दिया गया था, जिसे आवारा कुत्तों ने अपना निवाला बनाया था. इसके बाद यह दूसरी घटना है. हालांकि इस संबंध में पुलिस ने नवजात के शव को बरामद कर जांच करने की बात कही है.
