मीरगंज :कमाल है! मीरगंज का प्रज्ञा नगर 11 माह से अंधेरे से जूझ रहा है. जी हां, पिछले 15 अक्तूबर से ही प्रज्ञा नगर में विद्युत आपूर्ति बाधित है. सेल्फ व्यवस्था के तहत लोग अपना काम चला रहे हैं.
मुहल्ले के सौ से ज्यादा उपभोक्ता परेशान हैं. लेकिन, किसी को विद्युत आपूर्ति चालू कराने की फिक्र नहीं. प्रज्ञावासी विद्युत विभाग से लेकर उन सभी दरवाजों को खटखटा चुके हैं, जहां से समाधान की गुंजाइश हो. लेकिन, सभी दरवाजों से आश्वासनों के सिवा कुछ नहीं मिला है. इस मुहल्ले में वरीय पदाधिकारी, अधिवक्ता, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक व व्यवसायी निवास करते हैं. शिक्षक विनीत तिवारी, डॉ राकेश कुमार, संजीव मिश्र, विपिन बिहारी श्रीवास्तव, सगीर आलम, सुभाष श्रीवास्तव, अजय कुमार, विशाल कुमार आदि ने बताया कि नवंबर से ही प्रज्ञा नगर के लिए स्पेशल ट्रांसफाॅर्मर लग चुका है. विद्युत पोल की भी व्यवस्था हुई है लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण अभी तक तार टांगा नहीं जा सका है. मुहल्लावासी 11 माह से बिजली के लिए परेशान हैं.
वहीं इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग काम करने को तत्पर है. विद्युत पोल गाड़ने व तार टांगने का काम शुरू हुआ था. मुहल्ले के लोगों द्वारा पोल लगाने के विवाद के कारण काम बाधित है.
जल्द ही विवाद को निबटा कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करा दी जायेगी.
