रोड पर शरण लिये पीड़ितों में बंटी राहत
गोपालगंज. सदर प्रखंड की विशुनपुर-मंगलपुर सड़क पर शरण लिए बाढ़पीड़ितों के बीच बरइपट्टी पैक्स के अध्यक्ष मिथिलेश राय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पूड़ी-सब्जी का पैकेट बना कर वितरित किया. यहां गम्हरियां, नवादा, सेमरा, बरइपट्टी के हजारों बाढ़पीड़ित शरण लिये हुए हैं. प्रशासन की तरफ से बाढ़ राहत शिविर तीन किलोमीटर दूर विशुनपुर गांव में बनाया गया है, जहां कोई भी पीड़ित नहीं जा पा रहे हैं. पीड़ितों का कहना है कि पानी में किसी तरह जान बचा कर रोड पर पहुंचे. अब सड़क पर माल-मवेशी व छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ कर कैसे बांध पर जाएं.
कुचायकोट : सिपाया में जदयू के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय की तरफ से राहत कैंप में जिला पर्षद अध्यक्ष मुकेश पांडेय बाढ़पीड़ितों को खाना खिलाने में जुट गये हैं. इन्हें भोजन तब तक दिया जायेगा, जब तक वे बांध पर रहेंगे. राहत शिविर में बाढ़ संघर्ष समिति के संयोजक अनिल मांझी समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे.
