सासामुसा : गंडक नदी के दियारे से सिपाया को जोड़नेवाले मुख्य पथ के निर्माण की मांग को लेकर दियारे के सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर गये. बुधवार को ग्रामीणों ने सिपाया खास गांव के पास सड़क जाम कर हंगामा किया. ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे. ग्रामीणों का आरोप था कि सिपाया से निकल कर सिपाया खास होकर अहिरौली दान जानेवाली सड़क का 30 वर्ष पूर्व ईंटीकरण किया गया था.
सड़क पर साल-दर-साल आनेवाली बाढ़ के कारण समाप्त हो गया. अब जैसे ही बाढ़ आती है कि नाव छोड़ कर बाकी कोई सहारा नहीं बचता है. इस सड़क के निर्माण से 25 गांव के लगभग 20 हजार की आबादी कुप्रभावित हो रही है. सड़क के निर्माण के लिए सांसद से लेकर विधायक तक के पास आग्रह किया गया, लेकिन किसी ने नहीं सुना. सड़क जाम के कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा. काला मटिहिनिया पंचायत के मुखियापति असगर अली के घंटों प्रयास के बाद किसी तरह ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ.
