एक साल में दानकर्ता को मिलेगा फ्री ब्लड
ब्लड जमा करने के लिए प्रखंडों में लगेगा कैंप
रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक में लिया गया निर्णय
गोपालगंज : आप स्वेच्छा से खून दान करते हैं, तो रेडक्रॉस सोसाइटी आपको पारिवारिक कार्ड उपलब्ध करायेगी. इसमें आपके परिवार का नाम दर्ज होगा. इस कार्ड से आपको एक साल में परिवार के किसी भी सदस्य के लिए फ्री ब्लड उपलब्ध होगा. सोसाइटी प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक करते हुए डीएम राहुल कुमार ने बताया कि ब्लड डोनर को स्मार्ट कार्ड देने की योजना थी. तकनीकी कारणों से यह उपलब्ध नहीं हो पा रही है.
डीएम ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी विश्व में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सहायता करने के लिए बनायी गयी है. खास कर ब्लड बैंक और आपदा की स्थिति में अहम भूमिका रेडक्रॉस की होती है. ब्लड की कमी पर चिंता जताते हुए डीएम ने कहा कि हर क्षेत्र के लोगों से संपर्क कर अधिक-से-अधिक रक्तदान शिविर लगाया जाये. रक्तदान को लेकर पढ़े-लिखे लोगों में भी भ्रांतियां है. उस भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता की जरूरत है.
पहले चरण में जिले के सभी प्रखंडों में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जायेगा. इसके साथ ही बैंकों के स्थापना दिवस पर भी इस तरह के कैंप लगाये जाएं. डीएम ने बाढ़ के दौरान पीड़ितों की सहायता के लिए भी रेडक्रॉस को अभी से ही अलर्ट कर दिया. इस मौके पर डीडीसी दयानंद मिश्रा, ओएसडी देवेंद्र प्रताप शाही,
सचिव ज्योति प्रकाश वर्णवाल, उपाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही, स्टेट प्रतिनिधि पत्रकार सुनील तिवारी, बांसूरी वादक महर्षि अनिल शास्त्री, अधिवक्ता मुन्ना मिश्र, परशुराम श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, रामाशंकर कुंवर, डॉ संजय सिंह, संजीव कुमार पिंकी, पत्रकार अवधेश कुमार राजन, त्रिलोकी नाथ, अरुण कुमार मिश्र, इ विमल कुमार, अखिलानंद मिश्र, कुमार संजय आदि मौजूद थे.
