गोपालगंज : हथुआ के महैचा रोड स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा चल रहा है. प्रशासन की मिलीभगत से भू- माफिया कब्जा जमा कर अवैध निर्माण करा रहे हैं. लगभग आठ एकड़ की भूमि पर अवैध निर्माण चल रहा है. लेकिन प्रशासन चुप्पी नहीं तोड़ रही है. दिन-रात यहां अवैध निर्माण हो रहा है. सैकड़ों मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए हैं. हथुआ राज के कब्जे की सरकारी भूमि को लेकर भू-माफिया फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कर सीधे-साधे लोगों को फंसा रहे हैं.
लगभग 100 लोगों को फर्जी रजिस्ट्री कर दो से चार लाख रुपये वसूल की गयी है. स्थिति यह है कि उन्हें यह भी मालूम नहीं है कि गैर मजरुआ मालिक भूमि की रजिस्ट्री कर भू-माफिया मुंह मांगी कीमत वसूल रहे हैं. प्रशासन को भी भूमि पर निर्माण के लिए अच्छी खासी रकम मिली है. यहां तक कि राजस्व कर्मचारी भी निर्माण को लेकर अंजान हैं. पिछले छह माह से भूमि पर अवैध कब्जा चल रहा है. लगभग उक्त भूमि को प्लाटिंग कर बेच दी गयी है,
जिसके बाद खरीदारों ने अवैध निर्माण दिन रात एक कर कर रहे हैं. महैचा के खाता नंबर 02,खेसरा नंबर 43,36,रकबा 7.66 एकड़ जमीन गैर मजरुआ मालिक है,जो हाइ कोर्ट के आदेश पर डीएम कोर्ट में चल रहा है. इसमें स्पष्ट किया गया है कि किसी भी परिस्थिति में जमीन का स्वरुप परिवर्तित नहीं होगा. जिसकी जिम्मेवारी स्थानी सीओ व थाने को दी गयी है. लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाई जा रही है. चार दिनों से अंचल कार्यालय द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर जांच चल रही है. लेकिन तत्काल अवैध निर्माण प्रशासन ने नहीं रोक पायी है.
