कठघरवा में फेंके गये बैलेट को विधायक ने भेजा चुनाव आयोग
विधायक ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की
प्रशासन पर लगाया बैलेट पेपर मामले में लीपापोती का आरोप
गोपालगंज : सदर प्रखंड में प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने का दावा किया है. खास कर कठघरवा पंचायत के खाप मकसुदपुर के चलंत मतदान केंद्र संख्या 166 से 171 पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प में सब इंस्पेक्टर समेत दर्जनों लोगों के घायल होने के बाद भी प्रशासन ने इस मामले की लीपापोती की. अब मतदान केंद्र के पास नदी साइड में खेत से मिले बैलेट पेपर प्रशासन के गले की हड्डी बन गये हैं. सदर विधायक सुबास सिंह ने ग्रामीणों के साथ की गयी ज्यादती के मामले को बैलेट पेपर के साथ चुनाव आयोग को भेजते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है.
विधायक ने मीडिया के सामने बैलेट पेपर को इकट्ठा कराया, जिस पर पीठासीन पदाधिकारी का हस्ताक्षर, वोट दिये जाने की मुहर लगी थी. बैलेट स्पष्ट कर रहा था कि वोट के बाद बक्से से निकाल कर फेंका गया था. विधायक के अलावा सैकड़ों ग्रामीणों के आवेदन भी भेजे गये हैं. भाजपा ने कहा है कि कठघरवा ही नहीं बल्कि पंचायत चुनाव में प्रशासन की खुलेआम गुंडागर्दी सामने आयी है.
बैलेट पेपर मामले में बचाव में उतरा जदयू : खेत से बरामद तीन सौ से अधिक बैलेट पेपर एवं पुलिस द्वारा ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई के मामले में भाजपा के विधायक द्वारा चुनाव आयोग से शिकायत करने के बाद जदयू प्रशासन के बचाव में उतर आया है. जदयू के जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल ने कहा है कि प्रशासन पर गलत आरोप लगा कर विधायक ने ‘लजाइल बिल्ली खंभा नोचे’ की कहावत को चरितार्थ किया है. जदयू ने कहा है
कि प्रशासन ने पहले चरण से लेकर सातवें चरण तक स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सफलता पायी है. इसमें डीएम राहुल कुमार एवं एसपी रविरंजन कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण है. ऐसे में विधायक को कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है. इस मौके पर राधे श्याम सहनी, वीरेंद्र सिंह, सवेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे.
