गोपालगंज : हवलदार मियां को अपराधियों ने करीब से गोली मारी थी. पुलिस ने हत्या के मामले में फरार दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है. मंगलवार को गिरफ्तार दोनों अपराधियों को पुलिस ने जेल भेज दिया, जबकि फरार घनश्याम यादव और एक अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
मंगलवार को अरार, पुरानी चौक समेत कई ठिकनों पर पुलिस ने छापेमारी की. टाउन थाना इंस्पेक्टर विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग दो टीमें छापेमारी कर रही हैं. गिरफ्तार नामजद अभियुक्तों में सिपाही शर्मा और बिट्टू कुमार बताये गये हैं. घनश्याम यादव समेत दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं. बता दें कि नगर थाने के अरार मुहल्ले में रविवार की रात हजियापुर के हवलदार मियां की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. हत्या के बाद लोगों ने हजियापुर के पास आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाइवे को जाम कर दिया था.
पुलिस ने इस हत्याकांड में चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया था. हवलदार मियां की हत्या में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बुधवार को न्यायालय में वारंट के लिए अर्जी दे सकती है. वारंट निर्गत होने के बाद घनश्याम यादव समेत दो अन्य आरोपितों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई में पुलिस जुटेगी. हालांकि फरार आरोपितों द्वारा न्यायालय में जल्द ही आत्मसमर्पण किये जाने की भी सूचना है.
