हादसा. ट्रक-पिकअप में हुई टक्कर, हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 77 पर हुई दुर्घटना
मरनेवालों में दोनों महिला-पुरुष फकुली और कुढ़नी के थे रहनेवाले
विरोध में लोगों ने तीन घंटे तक सड़क को रखा जाम
भगवानपुर : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 77 में भगवानपुर अड्डा चौक के पास सोमवार की सवेरे हुई एक तेज रफ्तार के ट्रक और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर में पिकअप पर सवार एक महिला समेत दो यात्रियों की मौत हो गयी. वहीं, पिकअप चालक समेत आधा दर्जन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने एनएच को करीब तीन घंटे तक जाम रखा.
बताया गया है कि हाजीपुर की ओर से आ रहे बालू से ओवरलोडेड बारह चक्के वाला एक ट्रक मंडी के पास तेजी से उलटी साइड में मुड़ गया, जिससे मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहे पिकअप वैन में जोरदार टक्कर लग गयी. टक्कर के कारण पिकअप पर सवार मुजफ्फरपुर जिले के फकुली निवासी 40 वर्षीय विश्वनाथ महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि कुढ़नी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी रामस्वरूप सहनी की पत्नी पानो देवी की अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गयी. इसके अलावा पिकअप पर सवार कुढ़नी थाने के किशनपुर गांव निवासी लक्ष्मी सहनी की पत्नी शांति देवी, फकुली थाने के रामपुर नौसहन निवासी रमेश कुमार, मो असलम, गोरौल के विनोद राय, सदर थाना क्षेत्र के चकचमेली गांव निवासी नरेश पासवान तथा पिकअप चालक सौरभ कुमार आदि गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भरती कराया गया है. घटना के बाद लोगों के जाम से सैकड़ों गाड़ियां दोनों तरफ फंसी रहीं. भगवानपुर, गोरौल और सराय तीन थाने की पुलिस ने यहां पहुंच कर लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन यहां अवैध ढंग से एनएच किनारे चलायी जा रहे बालू मंडी को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था. स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू मंडी के कारण यहां लगाये जा रहे दर्जनों ट्रकों के कारण हमेशा दुर्घटनाएं होती रहती हैं. बाद में एसडीओ रवींद्र कुमार, एसडीपीओ राशिद जमा ने पहुंच कर अवैध बालू मंडी को शीघ्र हटवाने का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया.
