गोपालगंज : अपहरण का मामला उस समय प्रेम प्रसंग में बदल गया, जब बरामद युवती को पुलिस ने कोर्ट में 164 के बयान के लिए पेश किया. न्यायालय के आदेश पर युवती की मेडिकल जांच करायी गयी. मेडिकल रिपोर्ट के बाद युवती को कोर्ट में पेश किया गया. युवती ने बतायी कि उसने अपनी मरजी से प्रेमी के साथ एक वर्ष पूर्व घर छोड़ कर शादी रचा ली है.
उसका अपहरण नहीं हुआ है. युवती की इच्छा और मेडिकल रिपोर्ट में बालिग पाये जाने पर न्यायालय ने उसकी इच्छा अनुसार स्वविवेक से जीने की आजादी दे दी. न्यायालय के आदेश पर पेशकार देवेंद्र बैठा ने संबंधित थाने को युवती को उसकी इच्छा के अनुसार घर पहुंचाने का आदेश दिया. माधोपुर ओपी थाना क्षेत्र के सरेया नरेंद्र गांव की रहनेवाली युवती सबेया एक वर्ष पूर्व गांव के ही युवक किशोर महतो के साथ 20 जून, 2015 को घर से अचानक लापता हो गयी थी. परिजनों ने खोजबीन के बाद किशोर महतो सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
