31 मई तक भवन निर्माण करने का निर्देश
काम पूरा होने तक बंद रहेगा वेतन
गोपालगंज : डीपीओ सर्वशिक्षा अभियान सूर्यनारायण ने फुलवरिया प्रखंड के छह स्कूलों की जांच की. इन स्कूलों में कतिपय कारणों से असैनिक निर्माण कार्य बाधित होने को लेकर डीपीओ ने 31 मई तक हर हालत में लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि काम पूरा होने तक संबंधित हेडमास्टरों का वेतन स्थगित रहेगा. कार्य पूरा करने की अंतिम तिथि 31 मई है. डीपीओ सर्वशिक्षा अभियान ने जिन स्कूलों की जांच की.
उसमें फुलवरिया प्रखंड का नवसृजित प्राथमिक स्कूल, कन्धवरिया मांझा, जिसमें भवन निर्माण के तहत दरवाजा, खिड़की, सीढ़ी की ढलाई तथा रंग रोगन बाकी है. मध्य विद्यालय गणेश स्थान मांझा में रंग रोगन बाकी है. मध्य विद्यालय कमला कांत कररिया में निर्माणाधीन भवनों में रंग रोगन, बाहर का प्लास्टर, सीढ़ी घर की ढलाई, प्लास्टर तथा एक की ढलाई तथा एक कक्ष लिंटर तक तथा शेष कार्य बाकी है. नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मांझा चतुर्भुज के भवन निर्माण में शौचालय का दरवाजा तथा पैन बाकी है. नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लालू नगर भरपटिया के भवन निर्माण में एक कक्ष लिंटर तक तथा शेष कार्य बाकी है, जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय साहुचक के भवन निर्माण में सिलिंग प्लास्टर, फर्श तथा रोगन बाकी है.
डीपीओ स्थापना को कार्रवाई के लिए दिया पत्र : डीपीओ सर्वशिक्षा अभियान सूर्यनारायण ने भवन निर्माण से संबंधित समीक्षा के दौरान सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय कररिया, प्राथमिक विद्यालय इआर कररिया. प्राथमिक विद्यालय राजवंशी राय के टोला, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय निरंजना, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय हरपुर हरिजन टोला तथा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मुसहर टोला की समीक्षा की. इस दौरान प्राथमिक विद्यालय इआर कररिया के बाधित भवन निर्माण के कारण पूर्व के हेडमास्टर द्वारा कार्य अधूरा छाेड़ दिया गया है तथा बिना सूचना के लगातार स्कूल से अनुपस्थित है. वहीं दूसरी तरफ इसके अलावा बाकी स्कूलों के हेडमास्टर की लापरवाही बतायी जा रही है.
डीपीओ सर्वशिक्षा ने कहा कि सभी संंबंधित स्कूलों में राशि उपलब्ध करा दी गयी है. उन्होंने कहा कि संबंधित हेडमास्टरों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए डीपीओ स्थापना को पत्र दिया गया है.
