पुलिस पर हमला, इंस्पेक्टर समेत चार घायल
गया. नगर प्रखंड के पहाड़पुर गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस टीम पर अतिक्रमणकारियों ने पथराव किया. इसमें मगध मेडिकल थाने के इंस्पेक्टर लालबिहारी पासवान, जमादार श्रवण कुमार सिंह व दो पुलिसकर्मी घायल हो गये. इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. सभी घायलों का मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज कराया गया.
इंस्पेक्टर लालबिहारी पासवान ने बताया कि पहाड़पुर गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर घेराबंदी कर ली गयी थी. पूर्व में भी तीन बार अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिसबल की कमी के कारण बैरंग वापस लौटना पड़ा था. उन्होंने बताया कि गुरुवार को नगर प्रखंड के सीओ अशोक कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस की टीम पहाड़पुर गांव गयी थी. इसी बीच जमीन पर कब्जा किये लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. इस घटना में उनके अलावा तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. उन्होंने बताया कि इस मामले में नगर प्रखंड के सीओ की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. पथराव के आरोप में पहाड़पुर के संजय यादव, श्रवण कुमार, उदय कुमार, प्रमीला देवी व सविता कुमारी को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश कर सभी को जेल भेज दिया गया.
मांझा(गोपालगंज) :नामांकन के दौरान मांझा प्रखंड कार्यालय रणक्षेत्र बन गया. बथुआ पंचायत से पहुंचे प्रत्याशी के समर्थकों ने जम कर उपद्रव किया. इस दौरान उन्हें रोकने पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया गया, जिसमें चार जवानों समेत एक दर्जन लोग जख्मी हो गये. पुलिस को जान बचा कर भागना पड़ा. घटना की खबर पर आनन-फानन में मांझा थानाध्यक्ष राम सेवक रावत पुलिस बल के साथ पहुंचे.
किसी तरह पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को प्रखंड परिसर से खदेड़ा. नामांकन के दूसरे दिन भी पुलिस को लाठीचार्ज कर समर्थकों को प्रखंड मुख्यालय से भगाना पड़ा था. प्रशासन की तरफ से आदर्श आचार संहिता और निषेधाज्ञा का ख्याल नहीं रखे जाने के कारण 29 मार्च को विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने हंगामा किया था, जिस पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था.
अर्राबाड़ी कृषि कॉलेज भवन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
इलेक्ट्रॉनिक सामान जल कर राख
छत्तरगाछ. गुरुवार को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के अर्राबाड़ी कृषि महाविद्यालय एडमिन भवन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जल कर राख हो गये. हालांकि, मजदूरों द्वारा अधिकतर सामान निकाल लिये जाने के कारण आंशिक रूप से क्षति हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कृषि महाविद्यालय अर्राबाड़ी में धुआं देख कर मजदूरों ने इसकी सूचना तत्काल सापुरजी पलानजी कंपनी के अधिकारियों को दी. अधिकारियों ने ठाकुरगंज के फायर ब्रिगेड को आग लगाने की सूचना दी. इधर, लगातार मजदूरों द्वारा आग बुझाने का प्रयास जारी था. अग्निशमन दस्ता के आते ही मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
