Gopalganj News : नाबार्ड ग्रामीण हाट का हुआ उद्घाटन, किसानों और दुकानदारों की चमकेगी किस्मत

गोपालगंज. जिले के कृषि क्षेत्र में समृद्धि और स्थानीय व्यापार को नयी गति देने के उद्देश्य से विक्रमपुर पंचायत के लाछपुर गांव में अपनी तरह के पहले नाबार्ड ग्रामीण हाट का भव्य उद्घाटन किया गया.

गोपालगंज. जिले के कृषि क्षेत्र में समृद्धि और स्थानीय व्यापार को नयी गति देने के उद्देश्य से विक्रमपुर पंचायत के लाछपुर गांव में अपनी तरह के पहले नाबार्ड ग्रामीण हाट का भव्य उद्घाटन किया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम डॉ अनुपम लाल कुसुमाकर, मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर हाट का शुभारंभ किया. उद्घाटन समारोह में मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह की मुख्य भूमिका रही.

स्थानीय कारीगरों को अपना उत्पाद बेचने में होगी सुविधा

इस अवसर पर उमाशंकर सिंह (पूर्व पैक्स अध्यक्ष, सेमरा), रणेंद्र सिंह (पैक्स अध्यक्ष, सेमरा), राजेंद्र कुमार सिंह निदेशक, अंबुज पांडेय, मणिलाल सिंह, बैकुल गद्दी, युगलकिशोर ओझा, रिजवान गद्दी, ब्रह्मा साह और उमेश गद्दी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और लगभग 500 किसान उपस्थित रहे. यह हाट विशेष रूप से सब्जी, मछली, मुर्गा, दूध और उर्वरक विक्रेताओं के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों को अपना उत्पाद सीधे बेचने के लिए एक सुरक्षित और आधुनिक मंच प्रदान करेगा.

विक्रमपुर पैक्स को 15 लाख रुपये का मिला विशेष अनुदान

लगभग 8,200 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले इस हाट के निर्माण पर कुल 20 लाख रुपये की लागत आयी है, जिसमें नाबार्ड द्वारा विक्रमपुर पैक्स को 15 लाख रुपये का विशेष अनुदान दिया गया है. बुनियादी सुविधाओं के मामले में यह हाट अत्यंत आधुनिक है, जहां छत के साथ ऊंचे चबूतरे, कटीले तारों से सुरक्षित बाउंड्री वॉल और रात में व्यापार के लिए लाइटिंग की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा, स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल, जल निकासी की उत्तम व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के लिए तीन वर्मी-कंपोस्ट पिट भी बनाये गये हैं. इस ग्रामीण हाट से करीब 20 गांवों की 25,000 की आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि यहां सामान्य दिनों में 500 और छुट्टियों के दिनों में 2,000 तक खरीदारों की भीड़ उमड़ेगी, जिससे सालाना लगभग 7.2 लाख रुपये का टर्नओवर होगा.

बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति

इस हाट के शुरू होने से न केवल किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी और उनकी आय बढ़ेगी, बल्कि पैक्स को भी स्टॉल शुल्क के माध्यम से अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा. पक्की संरचना और सुरक्षा घेरा होने के कारण अब ग्रामीण महिलाएं भी देर तक रुककर बिना किसी परेशानी के अपना सामान बेच सकेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

GURUDUTT NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >