महम्मदपुर : अनियंत्रित रफ्तार से आ रही बोलेरो ने साइकिल सवार युवक को रौंद डाला, जिससे घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गयी. उधर ठोकर मार कर बोलेरो भी पलट गया. दुर्घटना महम्मदपुर थाना क्षेत्र के एनएच 28 स्थित करसघाट गांव के पास की है. इधर घटना को लेकर उग्र लोगों ने सड़क जाम कर दी और प्रदर्शन करने लगे. हाइवे जाम होने से एनएच 28 पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. आक्रोशित लोग घटनास्थल पर डीएम और एसपी को बुलाने तथा पीड़ित परिजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. घटना की खबर पर तत्काल थानाध्यक्ष विकास कुमार मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को घंटों समझाते रहे,
पर लोग अपनी मांग पर अड़े रहे. संवाद प्रेषण तक हाइवे पर परिचालन शुरू नहीं हो पाया था. अंत में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. पुलिस ने बोलेरो जब्त कर ली है. बताया गया है कि काशी टेंगराही के स्व. भरत साह का 18 वर्षीय पुत्र प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी साइकिल पर बरतन लाद कर बेचने के लिये घर से निकला. वह ज्यों ही करसघाट गांव के पास पहुंचा कि तेज गति से आ रही बोलेरो ने उसे ठोकर मार दी. इसमें उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
