गोपालगंज: दाहा नदी में डूबे 70 वर्षीय बुजुर्ग का चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, SDRF का रेस्क्यू जारी

उचकागांव के दाहा नदी में डूबे 70 वर्षीय बुजुर्ग की तलाश चौथे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

Gopalganj News : उचकागांव थाना क्षेत्र के उजरा नारायणपुर गांव के समीप दाहा नदी में डूबे 70 वर्षीय राम इकबाल यादव का घटना के चौथे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका. एसडीआरएफ की टीम नदी के तेज बहाव के बीच लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन अब तक बुजुर्ग का पता नहीं चल पाया है.

उजरा नारायणपुर से बदर जिमी पुल तक चला सर्च ऑपरेशन

शनिवार को रेस्क्यू अभियान का दायरा बढ़ाते हुए एसडीआरएफ की टीम ने उजरा नारायणपुर से इटावा पुल और वहां से बदर जिमी पुल तक दाहा नदी के विभिन्न हिस्सों में घंटों खोजबीन की. टीम ने बोट और विशेष उपकरणों की मदद से नदी के गहरे पानी और तेज बहाव वाले इलाकों को खंगाला. इसके बावजूद राम इकबाल यादव का कोई सुराग नहीं मिला.

भैंस चराने के दौरान नदी में गिरने की आशंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उजरा नारायणपुर निवासी राम इकबाल यादव बुधवार को दाहा नदी के किनारे अपनी भैंस चराने गये थे. इसी दौरान नदी के तट पर अचानक पैर फिसलने से उनके गहरे पानी में चले जाने की आशंका जतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन को सूचना दी गयी.

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार जुटी

घटना के बाद से उचकागांव पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार मौके पर डटी हुई है. उचकागांव के सीओ विजय कुमार और राजस्व अधिकारी अनमोल त्रिपाठी पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं. वहीं, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर नीतू कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल और नदी तट के आसपास कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

चार दिन बाद भी सुराग नहीं मिलने से बढ़ी चिंता

राम इकबाल यादव का चार दिन बाद भी पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है. बुजुर्ग के घर पर स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी घटना को लेकर मायूसी का माहौल है. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बुजुर्ग का पता चलने तक एसडीआरएफ का तलाश अभियान जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >