मीरगंज : मीरगंज थाने के छाप गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही से किसान की मौत हो गयी. किसान की मौत से आक्रोशित लोगों ने सीवान-गोपालगंज एनएच 85 को जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छाप गांव में हाइटेंशन तार पिछले कई दिनों से टूट कर गिरा था,
जिसकी सूचना बिजली कंपनी के अधिकारियों को ग्रामीणों ने दी थी. बिजली विभाग की तरफ से टूटे तार की मरम्मत नहीं करायी गयी. खेत में काम करने गये किसान सत्येंद्र चौधरी की करेंट की चपेट में आ गया. सूचना मिलने पर हथुआ के एसडीपीओ इम्तेयाज अहमद मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ ने लोगों को किसी तरह से समझा-बुझा कर शांत कराया.
आक्रोशित ग्रामीण बिजली कंपनी के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे. शराब पीने से युवक की मौत मीरगंज नगर क्षेत्र के बदरजिमी गांव में शराब पीने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक का नाम गोबर्धन (38 साल) पिता हरिलाल साह बताया जाता है. वह नाच में काम करता था.
घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि शराब बंदी होने की वजह से गांव में एक अवैध शराब विक्रेता के पास गया था तथा लौटने के बाद संदिग्ध अवस्था में उसकी मौत हो गयी है. आशंका जतायी जा रही है कि विषाक्त शराब पीने से उसकी मौत हुई.
