गोपालगंज : पूर्वोत्तर रेलवे के थावे-छपरा रेलखंड पर चल रहे आमान परिवर्तन कार्य का महाप्रबंधक राजीव कुमार मिश्र तथा रेल अधिकारियों ने गहन निरीक्षण किया. छपरा से थावे तक एक एक रेलवे स्टेशन के आवश्यकताओं की जानकारी ली गयी एवं समय पर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया. जीएम ने 31 मार्च तक हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया है.
अप्रैल में इस रेलखंड पर बड़ी लाइन की ट्रेनें दौड़ने लगेंगी. शुक्रवार को महा प्रबंधक ने छपरा से मशरख होकर राजापटी, दिघवा दुबौली, सिधवलिया, गोपालगंज होते हुए थावे तक हो रहे आमान परिवर्तन के कार्य को देखते हुए थावे पहुंचे जहां अधिकारियों के साथ काम की समीक्षा किये. कई अधिकारियों को फटकार भी लगायी. गोपालगंज रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन 15 रैक अगर आता है तो यहां माल गोदाम का निर्माण कराया जायेगा. जीएम ने इस रेलखंड के पूरा होने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया.
गोपालगंज आरक्षण केंद्र खोलने का आदेश
आमान परिवर्तन कार्य के कारण पिछले चार माह से बंद पड़े गोपालगंज के कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र को तत्काल प्रभाव से खोलने का आदेश महा प्रबंधक राजीव मिश्र ने मौके पर मौजूद डीआरएम वाराणसी एसके कश्यप को दिया. एक प्रश्न के बाद महा प्रबंधक ने तत्काल प्रभाव से आरक्षण केंद्र चालू कराने का निर्देश दिया है. जिला मुख्यालय होने के कारण आरक्षण टिकट के लिए यात्रियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता था.
लिंक सड़क दुरुस्त कराने का आदेश
महा प्रबंधक ने रेलवे के वर्षो से जजर्र पड़े लिंक सड़कों के निर्माण का आदेश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे सेवा के लिए तत्पर है. इसके लिए सभी रेलवे स्टेशन से जुड़ने वाले लिंक पथों का जल्द ही मरम्मत करा कर निर्माण करा दिया जायेगा.
एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए करना होगा इंतजार : थावे- कप्तानगंज रेलखंड पर एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन के लिए फिलहाल इंतजार करना होगा. गोरखपुर के महा प्रबंधक राजीव मिश्र ने इस संदर्भ में कहा है कि एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रेल मंत्रलय के अधीन है. मंत्रलय के तरफ से फिलहाल कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए है. हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों की अनुशंसा की जायेगी.
थावे में नहीं बनेगा डीआरएम ऑफिस : थावे, तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने एक मार्च 2009 को थावे में डीआरएम कार्यालय का आधार शीला रखी थी. थावे में रेल मंडल बनाना तब रेल मंत्रलय को काफी आवश्यक था.
यात्रियों और रेलवे की आय को ध्यान में रखते हुए थावे में रेल मंडल बनाने का फैसला रेल मंत्रलय ने किया था. रेल मंत्री प्रभु जी के मंत्रलय ने रेल मंडल को औचित्यहिन करार दिया है. हालांकि इस संदर्भ में गोरखपुर के महा प्रबंधक राजीव कुमार मिश्र ने कहा कि थावे में रेल मंडल को स्थगीत कर दिया गया है.
थावे जंकशन पर लगा रहा कचरों का अंबार : थावे, महा प्रबंधक के कार्यक्रम के बाद भी रेलवे स्टेशन पर सफाई की व्यवस्था नहीं करायी गयी थी. जहां तहां कचरों का अंबार लगा हुआ था. सांसद जनक राम जैसे की प्रतिक्षालय में गये कि बदबू के कारण उन्हें लौटना पड़ा.
महा प्रबंधक का दिघवा दुबौली में किया घेराव : बैकुंठपुर, दिघवा भगवानपुर पथ पर रेलवे ढ़ाला के बंद होने से नराज सैकड़ों की संख्या में व्यवसायियों ने निरीक्षण करने पहुंचे महा प्रबंधक राजीव कुमार मिश्र, डीआरएम एसके कश्यप, सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एसके शर्मा आदि का घेराव कर दिया. व्यवसायियों की मांग थी की ढ़ाला को खुलवाया जाये. तथा जजर्र सड़क का निर्माण कराया जाये.
इस आंदोलन का नेतृत्व पूर्व विधायक विद्या भूषण सिंह, लाल बाबू गुप्ता, हरिहर प्रसाद, विजय बहादुर यादव, जलेश्वर प्रसाद, राज नंदन दास आदि ने किया.
सांसद ने समस्याओं से कराया अवगत
थावे : भाजपा के सांसद जनक राम ने रेल महा प्रबंधक को थावे और जिले की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया. सांसद के अलावे विधायक सुबास सिंह, भाजपा के अध्यक्ष मार्केडेय राय शर्मा समेत कई कार्यकर्ता थावे रेलवे स्टेशन पर दिन के एक बजे से महा प्रबंधक का इंतजार करे थे.
महा प्रबंधक के आते ही सांसद ने कहा कि थावे ओवर ब्रिज के नीचे दीवार बनाने से आम लोग और व्यवसायियों की क्षति होगी. बाजार में आना जाना भी बंद हो जायेगा.
सांसद ने बड़ी लाइन की ट्रेन चलाने की भी मांग की. इसके अलावे हथुआ भटनी रेल खंड पर पुल के कारण उसके नीचे सड़क पर पानी लगने से काफी परेशानी हो रही है. महा प्रबंधक ने सांसद को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस मामले में ठोस निर्णय लिया जायेगा. हालांकि व्यवसायियों ने भी स्टेशन पर सुलभ शौचालय नहीं होने की भी शिकायत दर्ज करायी.
