यूपी से मुजफ्फरपुर जा रहे 1014 कछुए बरामद, तस्कर गिरफ्तार

कुचायकोट/गोपालगंज : बिहार-यूपी के बॉर्डर पर बलथरी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की पुलिस ने बुधवार को तस्करी के लिए ले जाये जा रहे दुलर्भ प्रजाति के 1014 कछुओं को बरामद किया, वहीं तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया. कछुए यूपी के सुल्तानपुर से मुजफ्फरपुर तस्करी के लिए बोरे में बांध कर कार से ले जाये […]

कुचायकोट/गोपालगंज : बिहार-यूपी के बॉर्डर पर बलथरी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की पुलिस ने बुधवार को तस्करी के लिए ले जाये जा रहे दुलर्भ प्रजाति के 1014 कछुओं को बरामद किया, वहीं तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया. कछुए यूपी के सुल्तानपुर से मुजफ्फरपुर तस्करी के लिए बोरे में बांध कर कार से ले जाये जा रहे थे.

पकड़ा गया तस्कर यूपी के अमैठी का सन्नी कुमार है. उत्पाद इंस्पेक्टर सह चेकपोस्ट प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप बिहार आनेवाली है. पुलिस ने बलथरी चेकपोस्ट पर एनएच-28 के दोनों लेन की नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी. इसी दौरान पुलिस को यूपी की ओर से एक लग्जरी कार आती दिखायी दी.
पुलिस ने शक के आधार पर कार चालक को रुकने का इशारा किया. पुलिस को देख पहले कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाद में कार को सड़क के किनारे रोक दिया. पुलिस ने तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो बोरे में रखे दुर्लभ प्रजाति के करीब 1014 कछुओं को बरामद कर लिया. मौके से तस्कर को भी हिरासत में ले लिया. इसकी जानकारी उत्पाद टीम ने स्थानीय थाने को दी. इसके बाद सूचना पर जांच के लिए वन विभाग की टीम पहुंच गयी.
वन विभाग के रेंजर राजेश कुमार गुप्ता ने बरामद कछुए व कार को जब्त करते हुए पकड़े गये तस्कर के खिलाफ जलीय जीव के तस्करी मामले में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वन विभाग बरामद कछुओं की प्रजाति की पहचान के लिए वरीय अधिकारियों को सूचित किया है. रेंजर ने बताया कि वरीय अधिकारियों के आदेश के बाद ही बरामद कछुओं को गंगा या अन्य किसी नदी में छोड़ा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >