Gopalganj news:सिधवलिया थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा कोठी गांव में मंगलवार को करंट लगने से 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी अवधेश कुमार पासवान के 18 वर्षीय पुत्र अभिजीत कुमार के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि अभिजीत दोपहर में घर में था. गर्मी के कारण वह पंखा चालू करने के लिए स्विच बोर्ड के पास गया. जैसे ही उसने स्विच पर हाथ लगाया, वह बोर्ड में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया. करंट लगते ही अभिजीत चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल घर की बिजली आपूर्ति बंद करायी.
इसके बाद परिजन अभिजीत को आनन-फानन में सिधवलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
होनहार छात्र की मौत से गांव में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अभिजीत की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. बताया जाता है कि वह पढ़ाई में होनहार था और इंटर की परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिवार को भी उससे काफी उम्मीदें थीं. अचानक हुए हादसे ने परिजनों और ग्रामीणों को झकझोर दिया है.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
