गुरुआ थाना क्षेत्र के बरमा गांव में शनिवार को तालाब में स्नान करने गए एक युवक के अचानक लापता होने से अफरातफरी मच गई. लापता युवक की पहचान कांग्रेस मांझी के 30 वर्षीय पुत्र उमेश मांझी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचकर युवक की तलाश में जुट गए.
दोस्त के तालाब से निकलने के बाद नहीं मिला उमेश
जानकारी के अनुसार, उमेश मांझी अपने एक दोस्त के साथ गांव के तालाब में स्नान करने गया था. स्नान करने के बाद उसका दोस्त तालाब से बाहर निकल आया, लेकिन उमेश बाहर नहीं आया. काफी देर तक उमेश के वापस नहीं लौटने पर दोस्त ने इसकी जानकारी गांव के लोगों और उसके परिजनों को दी.
ग्रामीणों ने शुरू की युवक की खोजबीन
उमेश के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे. सभी ने मिलकर तालाब और उसके आसपास युवक की खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बावजूद उमेश का कोई सुराग नहीं मिल सका. ग्रामीणों को आशंका है कि स्नान करने के दौरान वह तालाब के गहरे पानी में डूब गया होगा.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गुरुआ थाना पुलिस
घटना की सूचना गुरुआ थाना पुलिस को भी दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से भी तालाब में युवक की तलाश शुरू कराई.
NDRF की टीम को बुलाया जा रहा
गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए NDRF की टीम को बुलाया जा रहा है. टीम के पहुंचने के बाद तालाब में अभियान चलाकर उमेश मांझी की खोजबीन की जाएगी. फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों की नजर NDRF की टीम के पहुंचने और तलाश अभियान पर है.
